Ambala News:बेटी के सामने पिता को कुचलने की कोशिश, आईसीयू में भर्ती – Man Tries To Crush Father In Front Of Daughter, Admitted To Icu
चंडीगढ़ से स्कॉर्पियो से पीछा कर रहे थे कुछ युवक, अंबाला में सैनिक विश्राम गृह के सामने चढ़ाई कार
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। चंडीगढ़ से कॉलेज की छुट्टी के बाद बेटी को घर लेकर लौट रहे एक पिता पर महिंद्रा स्कॉर्पियो सवार युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि रास्तेभर पीछा कर रहे दबंगों ने नेशनल हाईवे पर गाड़ी रुकवाकर पहले धमकी दी और फिर जान से मारने की नीयत से उन्हें स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित फिलहाल छावनी के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित चौहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
लाल कुर्ती बाजार निवासी अलकेश शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह चंडीगढ़ के एमसीएम डीएवी कॉलेज से बेटी अनन्या शर्मा को कार से घर लेकर आ रहे थे। चंडीगढ़ से चलने के बाद एक काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो लगातार उनकी कार के साथ-साथ चल रही थी। गाड़ी में एक ड्राइवर (रोहित चौहान) के अलावा आगे की सीट पर एक लड़की और पीछे 2-3 अन्य लड़के बैठे थे। आरोप है कि ये लोग बार-बार ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे, गालियां दे रहे थे। बंदूक दिखाकर जान से मारने के इशारे कर रहे थे। अलकेश शर्मा ने बताया कि आरोपी लगातार कार रुकवाने का इशारा कर रहे थे। शाम करीब 3:40 बजे जब वे काली पलटन पुल से थोड़ा आगे निकले और नेशनल हाईवे-44 पर स्थित सैनिक विश्राम गृह के सामने उन्होंने मामला सुलझाने के लिए अपनी कार साइड में रोक ली। जैसे ही वे अपनी गाड़ी से उतरकर स्कॉर्पियो की तरफ बात करने के लिए आगे बढ़े, स्कॉर्पियो चालक रोहित चौहान ने जान से मारने की नीयत से उन पर गाड़ी चढ़ा दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर जा गिरे। इससे उनका सिर सड़क पर बाईं तरफ जा लगा और उनके माथे, आंख, सिर व दोनों घुटनों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित का भाई अमित शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में कैंट के नागरिक अस्पताल लेकर गए। सिर में गंभीर चोट और नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां वे फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए हैं।आरोपी रोहित चौहान के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रयास 110, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना 115(2), सार्वजनिक मार्ग पर तेजी से वाहन चलाना 281 और आपराधिक धमकी देने की धारा 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी गई है।
कृष्ण लाल, जांच अधिकारी लालकुर्ती चौकी।
