अंबेडकरनगर। कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर कृष्ण कुमार यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन सृजन अभियान के तहत दोबारा जिलाध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
महरुआ क्षेत्र के बरामदपुर जरियारी निवासी कृष्ण कुमार यादव किसान परिवार से हैं। उन्हें पहली बार 22 मार्च 2025 को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। उनके पिता स्व हनुमान प्रसाद यादव भी कांग्रेस से जुड़े रहे। उन्होंने ब्लॉक स्तर से राजनीति शुरू की और अयोध्या जिले में जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्होंने अयोध्या से मिट्टी और जल लेकर तमिलनाडु तक पदयात्रा की थी। 23 मई 2005 को उनकी हत्या कर दी गई थी।
पिता की हत्या के बाद कृष्ण कुमार यादव ने राजनीति में कदम रखा। वर्ष 2010 में कटेहरी विधानसभा क्षेत्र से युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया। वर्ष 2013 में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष, 2014 में मंत्रालय में सदस्य और 2016 में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने। वर्ष 2023 में पीसीसी सदस्य बनाए गए। अब एक बार फिर उन्हें जिले में कांग्रेस संगठन की कमान सौंपी गई है।