Ambedkar Nagar News:सरकारी भूमि पर दोबारा निर्माण पर महिला के खिलाफ एफआईआर – Fir Against Woman For Reconstruction On Government Land
अंबेडकरनगर। अकबरपुर के मीरानपुर में सरकारी भूमि पर दोबारा निर्माण कराने के आरोप में रीमा भारती के खिलाफ अकबरपुर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है। संबंधित भूमि पर बेदखली का मामला पहले से तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन है।
नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी अनिल कुमार मिश्रा ने पांच नवंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। इसके मुताबिक, गाटा संख्या 200 की 0.076 हेक्टेयर भूमि में 0.051 हेक्टेयर बंजर और 0.025 हेक्टेयर रास्ते के खाते में दर्ज है। राजस्व और नगर पालिका की टीम ने पैमाइश में रीमा भारती समेत चार लोगों द्वारा बंजर भूमि पर पक्का मकान, गुमटी और तिरपाल लगाकर अतिक्रमण किए जाने की पुष्टि की थी।
नगर पालिका के अनुसार, गुन्नूलाल का अस्थायी अतिक्रमण हटवा दिया गया है, जबकि अन्य के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई लंबित है। आरोप है कि मना करने के बावजूद रीमा ने दोबारा निर्माण शुरू करा दिया। सीओ सिटी अरुण नौहवार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।
