अंबेडकरनगर। दहेज में कार की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने के मामले में सत्र न्यायालय ने फैसला सुनाया है। कोर्ट ने पति, सास और ससुर की दोषसिद्धि बरकरार रखी है। वहीं, पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर ननद को बरी कर दिया गया।
दीपशिखा त्रिपाठी की शादी 1 दिसंबर 2020 को टांडा के इस्माइल बेल्दहा निवासी अरविंद त्रिपाठी से हुई थी। विवाह में उनके पिता ने सात लाख रुपये नकद, घरेलू सामान और आभूषण दिए थे। शादी के बाद ससुराल पक्ष ने स्विफ्ट डिजायर कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर दीपशिखा को ताने दिए गए और पति की दूसरी शादी कराने की धमकी भी दी गई। इस मामले में 31 अक्तूबर 2022 को अहिरौली थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
सत्र न्यायाधीश चंद्रोदय कुमार ने शिकायत और गवाही में कार की मांग का लगातार उल्लेख पाया। उन्होंने पति अरविंद त्रिपाठी, ससुर शिवपूजन और सास विंध्यवासिनी की दोषसिद्धि बरकरार रखी। तीनों को एक वर्ष छह माह के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। उन्हें प्रत्येक अपराध में पांच-पांच हजार रुपये जुर्माना भी देना होगा। जुर्माने की आधी राशि पीड़िता को मुआवजे के रूप में दी जाएगी।