Amritsar News:अमृतसर में दिखा निहंगों का रणकौशल – Nihangs Showcase Their Martial Skills In Amritsar
हाथियों, घोड़ों और ऊंटों पर सवार होकर शामिल हुए निहंग जत्थेबंदियों के प्रमुख
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बंदी छोड़ दिवस पर अमृतसर में सिखों की शौर्य और युद्ध कला की सदियों पुरानी परंपरा जीवंत हो उठी। घोड़ों की टापों की गूंज, शस्त्रों के हैरतअंगेज करतब और निहंगों की पारंपरिक वेशभूषा ने माहौल को वीर रस से भर दिया। निहंग जत्थेबंदियों की ओर से निकाले गए पारंपरिक मोहल्ले में बड़ी संख्या में निहंग सिखों ने शिरकत की और घुड़सवारी से लेकर शस्त्र विद्या तक अपने युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया।
मोहल्ले में विभिन्न निहंग जत्थेबंदियों के प्रमुख हाथियों, घोड़ों और ऊंटों पर सवार होकर शामिल हुए। बुड्ढा दल के मुखी संत बाबा बलबीर सिंह 96 करौड़ी, तरना दल, विधि चंद और अन्य निहंग जत्थेबंदियों के प्रमुखों ने भी शिरकत की। इस दौरान निहंग सिखों ने घुड़सवारी और पारंपरिक शस्त्रों के साथ ऐसे करतब दिखाए, जिन्हें देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। पूरे आयोजन में निहंगों की पारंपरिक वेशभूषा, शस्त्र और घुड़सवारी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
शौर्य का प्रतीक है मोहल्ला
निहंग सिखों की ओर से हर साल दिवाली के अगले दिन पुरातन सिख परंपरा और मर्यादा के अनुसार मोहल्ला निकाला जाता है। यह नगर कीर्तन का एक विशेष स्वरूप है। इसमें निहंग सिख अपने शस्त्र कौशल और युद्ध कला का प्रदर्शन करते हैं। निहंग सिखों की मान्यता है कि सिख धर्म में शस्त्र विद्या और आत्मरक्षा की परंपरा को विशेष महत्व दिया गया है। मोहल्ले के आयोजन के माध्यम से इसी ऐतिहासिक विरासत, वीरता और शौर्य की परंपरा को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवित रखा जा रहा है।
