शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:आकार लेने लगा तंबुओं का नगर, जगमग मेला स्थल – A City Of Tents Began To Take Shape; The Fairgrounds Lit Up With A Radiant Glow

November 10, 2026


अमरोहा। दीपावली का त्योहार बीतने के साथ ही तिगरी के राजकीय गंगा मेला की तैयारियों में तेजी आ गई है। तिगरी में धीरे-धीरे तंबुओं का नगर आकार लेने लगा है। खेल तमाशे और दुकानदार पहुंचने शुरू हो गए। वहीं श्रद्धालु भी मेले में जाने के लिए अपनी तैयारी में लगे हैं। मेला स्थल पर वीआईपी सड़क समेत अधिकांश सड़कों का निर्माण पूरा कर लिया है।

मेला स्थल रंगबिरंगी रोशनी से जगमग रहा है। देवोत्थन एकादशी पर 20 नवंबर को मेले की शुरुआत होगी। इस दौरान प्रभारी मंत्री, सांसद और विधायक मां गंगा की महाआरती करेंगे।

15 से 24 नवंबर तक तिगरी गंगा मेला चलेगा। जिसमें दूर-दूर से करीब 35 से 40 लाख श्रद्धालु स्नान करने के लिए पहुंचते हैं। इस बार मुख्य गंगा स्नान 24 नवंबर को है। प्रशासन की ओर से मेले की तैयारियों को तेजी के साथ पूरा कराया जा रहा है। इस बार मेले को 24 सेक्टरों में बांटा गया है और 24 अस्थायी गंगा घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मार्गों से आवागमन हुआ आसान, टेंट सिटी के लिए वीआईपी और श्रद्धालुओं के लिए गंगा व सदर रोड तैयार हो चुकी है। महिलाओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। घाटों के आसपास वाच टावर बनाए जाएंगे। जिन पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।

……

मेले की सुरक्षा में तैनात रहेंगे 3500 पुलिस कर्मी

अमरोहा। तिगरी गंगा मेले में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के लिए करीब 3500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। मेले में दूसरे जनपदों से भी पुलिस फोर्स मंगाई जाती है। हर सेक्टर में एक पुलिस चौकी बनाई जाएगी। बाइक से स्टंट करने, हुड़दंग मचाने तथा सड़कों को क्षतिग्रस्त करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे मेला परिसर, प्रमुख रास्तों और मुख्य घाटों की जल से लेकर थल तक की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए की जाएगी

….

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलाई जाएंगी मेला स्पेशल बस

अमरोहा। मेले में आवागमन के लिए श्रद्धालुओं के लिए परिवहन निगम मेला स्पेशल बसों का संचालन करेगा। मेले के लिए तैयारी चल रही है। मुरादाबाद रीजन से करीब 160 बसों का संचालन किया जाएगा। जिससे किसी प्रकार की समस्या न हो। मेला स्थल पर एक अस्थायी बस स्टैंड बनाया जाएगा। जहां पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

……

राजकीय तिगरी गंगा मेले में अधिकांश काम पूरा कर लिया गया है। करीब 60 से 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। जो काम शेष है, उसे भी समय से पूरा कराया जाएगा। बीस नवंबर को मेले की शुरुआत की जाएगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है। डॉ. नितिन गौड़, डीएम

………..

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X