Amroha News:रहरा में सड़क हादसे में किसान की मौत – Farmer Dies In Road Accident In Rahra
रहरा। क्षेत्र में मंगलवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। इसके बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव रहरई निवासी किसान शीशपाल सैनी (40) मंगलवार शाम को अपनी बाइक की सर्विस कराने के लिए हसनपुर गए थे। सर्विस कराने के बाद वह देर शाम बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब वह रहरा-हसनपुर मार्ग पर पहुंचे, तो रहरा क्षेत्र में भावली मोड़ के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अन्य बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शीशपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल किसान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक शीशपाल अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गए हैं। सीओ पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद
