बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के गांव रूपपुर सहार में इस बार दिवाली की खुशियां मातम में बदली रहीं। सड़क हादसे में एक साथ दो दोस्तों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों युवकों के शव गांव पहुंचे, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतकों के घरों पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया और हर आंख नम नजर आई।
दिवाली के दिन रविवार को रूपपुर सहार निवासी वीनस कश्यप (27) व उसका दोस्त कौशलेंद्र उर्फ छोटे (23) अपने एक अन्य साथी जितेंद्र (29) के साथ बाइक से नौगवां से वापस अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिधूना-रामगढ़ मार्ग पर भिखरा के पास बंबा की पुलिया पर उनकी बाइक की सामने से आ रहे लोडर से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वीनस कश्यप व कौशलेंद्र उर्फ छोटे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कौशलेंद्र उर्फ छोटे का चचेरा भाई जितेंद्र घायल हो गया।
घायल जितेंद्र का सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। दो दोस्तों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। रविवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों के शव गांव पहुंचे तो परिवारों में कोहराम मच गया। दिवाली के त्योहार पर जहां घरों में दीप जल रहे थे और लोग खुशियां मना रहे थे वहीं रूपपुर सहार में मातम पसरा रहा।
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों दोस्त आपस में काफी घनिष्ठ थे और कौशलेंद्र गुरुग्राम से छुट्टी पर घर आया था। सोमवार को गमगीन माहौल में दोनों दोस्तों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों ने अलग-अलग स्थानों पर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं। जबकि लोडर को पुलिस ने अपने कब्जा में ले लिया था।