शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
औरैया

Auraiya News:गर्भवती और युवक पर जानलेवा हमला – Life-threatening Attack On A Pregnant Woman And A Young Man

November 3, 2026


औरैया। गांव खानपुर कटरा में बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हुआ। इस विवाद में आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की। उन्होंने एक गर्भवती महिला पर ईंट-पत्थरों से हमला भी किया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी अर्चना देवी ने कोतवाली पुलिस को बताया कि 21 अक्तूबर को उनकी 11 वर्षीय भतीजी अनन्या घर के बाहर खेल रही थी। गांव के शिवा ने बच्चों के विवाद में बच्ची को पीट दिया। परिवार के बुजुर्ग रज्जन ने इसका विरोध किया। इसके बाद आकाश, सौरभ, सुरेंद्र, शिवा और छोटू ने गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बाहर आई गर्भवती पुत्रवधू काजल पर भी ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। परिवार ने बमुश्किल अंदर छिपकर 112 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरोपी मारने की धमकी देकर भाग निकले।

पीड़िता अर्चना देवी का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद थाने में शिकायत की गई थी। लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे आरोपियों के हौसले और अधिक बुलंद हो गए।

इसके बाद 30 अक्तूबर की सुबह अर्चना देवी का बेटा विशाल दुकान पर सामान लेने गया। दीपू, आकाश, सूरज, शिवा, छोटू और पांच अज्ञात लोगों ने उस पर लाठी-डंडों, हॉकी और तमंचे की बट से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और उसकी आंखें फोड़ने का भी प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल विशाल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X