शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अयोध्या

Ayodhya News:माता जानकी का भेंट किया हार पहनेंगे हनुमंतलला – Lord Hanuman Will Wear The Necklace Gifted By Mother Janaki

November 7, 2026


अयोध्या। रामनगरी में दीपोत्सव के उल्लास के बीच शनिवार को हनुमान जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर बजरंगबली की प्रधानतम पीठ सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी में विशेष अनुष्ठान, पूजन और भव्य शृंगार होगा। त्रेता युग में माता जानकी की ओर से हनुमान जी को भेंट किए गए हार की परंपरा से प्रेरित विशेष हार भी उन्हें धारण कराया जाएगा। इसका निर्माण हनुमानगढ़ी अखाड़े की ओर से वर्षों पूर्व कराया गया था।

हनुमानगढ़ी अखाड़े के प्रवक्ता महंत संजय दास ने बताया कि माता जानकी ने त्रेता युग में हनुमंतलला को जो हार भेंट किया था, उसी परंपरा और भाव को ध्यान में रखकर यह विशेष हार तैयार कराया गया है। हनुमान जयंती पर इसे बजरंगबली को धारण कराया जाता है। यह शृंगार राम परिवार के प्रति हनुमान जी की अनन्य भक्ति और श्रद्धा का प्रतीक है।

हनुमान जयंती पर वर्ष में केवल एक बार हनुमानगढ़ी में बजरंगबली की तिजोरी खोली जाती है। इसमें रखे बहुमूल्य आभूषणों को निकालकर साफ-सफाई की जाती है। इसके बाद सोने, चांदी, हीरे और जवाहरात के आभूषणों की गिनती कर उन्हें नए धागे में पिरोया जाता है। इन्हीं आभूषणों से बजरंगबली का भव्य शृंगार किया जाएगा।

विशेष पूजन, अभिषेक और महाआरती होगी

हनुमानगढ़ी के पुजारी रमेश दास के अनुसार, मान्यता है कि भगवान श्रीराम के लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने से एक दिन पहले ही हनुमान जी उनके आगमन की सूचना लेकर रामनगरी पहुंच गए थे। प्रभु श्रीराम के आगमन की खुशी में पूरी अयोध्या उत्सव में डूब गई थी। इसी प्रसंग के कारण रामनगरी में हनुमान जयंती का विशेष महत्व है।

रात 12 बजते ही हनुमानगढ़ी परिसर बजरंगबली के जयकारों और घंटा-घड़ियाल की गूंज से गुंजायमान हो उठेगा। इस दौरान विशेष पूजन, अभिषेक और महाआरती होगी। नाका हनुमानगढ़ी, हनुमान किला, हनुमानबाग, हनुमत निवास सहित रामनगरी के अन्य हनुमान मंदिरों में भी जयंती की धूम रहेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X