Azamgarh News:दरवाजे की कुंडी और कमरे का ताला तोड़कर चोरी – Theft By Breaking The Door Latch And Room Lock
दीदारगंज थाना क्षेत्र के मार्टीनगंज मुख्य कस्बे के वार्ड नंबर 15 मालवीय नगर में रविवार रात चोरों ने जायसवाल परिवार के रिहायशी मकान को निशाना बनाया। दरवाजे की कुंडी और कमरे का ताला तोड़कर चोर बड़े बक्से में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए।
सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घनी आबादी वाले कस्बे में चोरी की वारदात से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत है।
चंद्रावती देवी पत्नी ईश्वरचंद जायसवाल के परिवार के लोग रविवार रात मकान के पिछले हिस्से में सो रहे थे। इसी दौरान चोर सामने के दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में घुसे। कमरे का ताला तोड़कर बड़े बक्से में रखे सोने की अंगूठी, मांगटीका, हार, सिकड़ी, झुमका, बाली और चांदी की पायल, करधनी समेत कई आभूषण चोरी कर लिए।
सुबह परिजनों की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला और सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों के मुताबिक, चोरी हुए आभूषणों में सुजीता पत्नी अरविंद जायसवाल के शादी में मिले जेवरात के साथ ही उनकी ननद और सास के आभूषण भी शामिल हैं।
परिवार का कहना है कि बक्से में रखे लगभग सभी कीमती जेवरात चोर उठा ले गए। ईश्वरचंद जायसवाल के बड़े पुत्र अरविंद की मार्टीनगंज कस्बे में साइकिल की दुकान और शोरूम है, जबकि दूसरे पुत्र संतोष जायसवाल संत जीवन व्यतीत करते हैं।
सूचना पर दीदारगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव और मार्टीनगंज चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और विशेष चोरी अनावरण टीम ने भी घटनास्थल की जांच की।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि मौके पर चोरी से संबंधित कोई स्पष्ट साक्ष्य दिखाई नहीं दे रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
