Bahraich News:गड्ढे में डूबकर कार चालक की मौत – Car Driver Dies After Plunging Into A Pit
विशेश्वरगंज। विशेश्वरगंज-इकौना मार्ग पर पुरैना मोड़ के पास सोमवार शाम पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से कार चालक की मौत हो गई। वह लघुशंका के लिए कार से उतरे थे। काफी देर तक वापस नहीं आए तो आसपास के लोगों ने तलाश शुरू की। उनका शव गड्ढे में औंधे मुंह पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया।
श्रावस्ती जिले के भिनगा कस्बा स्थित कोतवाली क्षेत्र निवासी मोहम्मद सलीम उर्फ शनि (35) कार चलाने का काम करते थे। सोमवार को वह कार से विशेश्वरगंज-इकौना मार्ग से गुजर रहे थे। पुरैना मोड़ के पास देसी शराब की दुकान के निकट उन्होंने कार चालू हालत में खड़ी की और लघुशंका के लिए सड़क किनारे चले गए।
उसी दौरान पैर फिसलने से वह पानी भरे गहरे गड्ढे में गिर गए और डूबकर उनकी मौत हो गई।काफी देर तक कार स्टार्ट खड़ी रहने पर लोगों ने तलाश की तो सलीम गड्ढे में मिले। सूचना पर उनके पिता मोहम्मद शमीम और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया डूबने से मौत होने की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
