Bahraich News:मेडिकल कॉलेज में 20 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था – Arrangement For 20 Additional Beds At The Medical College
बहराइच। जिले में दिवाली के मद्देनजर अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी और बर्न वार्ड में 20 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है। बाल रोग विभाग में भी पांच अतिरिक्त बेड आरक्षित किए गए हैं। छह विशेषज्ञ चिकित्सकों की रोस्टर के अनुसार विशेष ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि पटाखे जलाते समय छोटे बच्चों को कम से कम पांच मीटर की दूरी पर रखना चाहिए। पटाखों से निकलने वाला धुआं त्वचा पर दाने और आंखों में जलन पैदा कर सकता है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हृदय रोगियों और दमा के मरीजों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। पटाखों की तेज आवाज और धुएं से सांस लेने में परेशानी और हृदय गति बढ़ने का खतरा रहता है। ऐसे लोगों को आतिशबाजी से दूर रहना चाहिए।
पटाखे जलाते समय बरतें सावधानियां
– पटाखे जलाते समय कानों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
– रोशनी वाले पटाखे जलाते समय सुरक्षा चश्मे का प्रयोग करें।
– बच्चों को हमेशा बड़ों की देखरेख में ही पटाखे जलाने दें।
– पास में पानी या रेत से भरी बाल्टी जरूर रखें।
– खुले स्थान पर ही पटाखे जलाएं।
– घर में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) बॉक्स जरूर रखें।
– अधजले पटाखों को दोबारा जलाने की कोशिश न करें।
आपात स्थिति में करें कॉल
सेवा
हेल्पलाइन नंबर
अग्निशमन विभाग
9454418331
फायर हेल्पलाइन
101
एंबुलेंस सेवा
108/102
पुलिस हेल्पलाइन
112
