शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bahraich News:सजी काव्य महफिल, गूंजे ठहाके-तालियां – A Poetic Gathering Unfolds, Filled With Peals Of Laughter And Applause
बहराइच

Bahraich News:सजी काव्य महफिल, गूंजे ठहाके-तालियां – A Poetic Gathering Unfolds, Filled With Peals Of Laughter And Applause

November 4, 2026


बहराइच। शहर में सोमवार की शाम अमर उजाला की ओर से आयोजित काव्य कैफे के नाम रही। कलेक्ट्रेट स्थित कपूरथला के उत्थान ऑडिटोरियम में सजी काव्य महफिल में नामचीन कवियों और शायरों ने हास्य, करुणा और शृंगार रस की रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कभी ठहाके गूंजे, तो कभी भावपूर्ण पंक्तियों पर देर तक तालियां बजती रहीं। गुलाबी मौसम में सजी इस महफिल को श्रोताओं ने यादगार बताया।

काव्य कैफे का शुभारंभ बहराइच सांसद डॉ. आनंद गोंड, महाराजा सुहेलदेव स्मृति न्यास के उपाध्यक्ष राजा यशवेंद्र विक्रम सिंह, एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री अभिलाषा वर्मा, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक महेश अग्रवाल, रिसिया ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय जायसवाल, भाजपा नेत्री निशा शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिश्चंद्र गुप्ता और जिला महामंत्री रणविजय सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अमर उजाला की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। कवयित्री योगिता चौहान ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि कवि नीलोत्पल मृणाल ने काव्य मंच का संचालन किया। कवि सम्मेलन से पहले मंच का संचालन सौरभ पांडेय ने किया। कवि नीलोत्पल मृणाल ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी आनंद शुक्ला, नागेंद्र मिश्रा, रूपेश जायसवाल, प्रदीप मिश्रा ज्ञानी, नानपारा के सर्वेश टेकड़ीवाल, आनंद पोद्धार, फखरपुर के अरमान खान, मोहम्मद शारिक, रहमान खान, डीएन शर्मा, क्रांति शुक्ला, सोमनाथ तिवारी और ज्ञानू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

————

बवंडर की रचनाओं पर खूब लगे ठहाके

हास्य कवि हिमांशु बवंडर ने रोजमर्रा की जिंदगी और सामाजिक व्यवहार से जुड़े प्रसंगों को चुटीले अंदाज में पेश किया। उनकी मनोरंजक रचनाओं पर श्रोता हंसते-हंसते लोटपोट हो गए। हर अगली पंक्ति के साथ हंसी और तालियों का दौर तेज होता गया और पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।

—————–

मैंने पूछा नाम तो उसका हकलाना याद रहा…

कवयित्री योगिता चौहान ने कॉलेज के दिनों की प्रेम कहानी को अपनी रचना में पिरोया। उन्होंने सुनाया, ‘भूल गई मैं सारा फसाना, एक फसाना याद रहा, भूलना चाहा जिसको मैंने, एक दीवाना याद रहा।’ कॉलेज की सीढ़ियों पर मुलाकात और प्रेमी के हकलाने का जिक्र आते ही श्रोताओं ने तालियां बजाकर सराहना की।

—————

उस दौर का जादू क्या जानें यह रील बनाने वाले लड़के…

कवि नीलोत्पल मृणाल ने अपनी ओजपूर्ण कविता के जरिये मेहनत, संघर्ष और सोशल मीडिया के दौर के बीच का अंतर रेखांकित किया। उन्होंने सुनाया, ‘मेहनत के पथ पर मीलों साइकिल चलाने वाले लड़के, और संघर्षों के अंदर तप तकदीर बनाने वाले लड़के, उस दौर का जादू क्या जानें यह रील बनाने वाले लड़के।’ उनकी पंक्तियों में पुराने दौर के संघर्ष, प्रेम और साहित्यिक साधना की झलक दिखी। एक शेर याद कर खुद को गालिब-मीर समझने वालों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जब हक में आवाज उठती है, तो यही कलम शमशीर बन जाती है।

—————–

समंदर कहां देता है रास्ता…

शायर अजहर इकबाल ने जीवन के संघर्ष और लक्ष्य तक पहुंचने के लिए जरूरी धैर्य को अपनी शायरी में बयां किया। उन्होंने सुनाया, ‘हजारों साल से प्रतीक्षारत ये धरती धाम हो जाने से पहले, समंदर कहां देता है रास्ता किसी को राम हो जाने से पहले।’ प्रेम और समर्पण पर आधारित उनकी अन्य रचनाओं पर भी श्रोताओं ने खूब वाहवाही की।देर रात तक काव्य पाठ का सिलसिला चलता रहा। समापन पर श्रोताओं पुंडरीक पांडेय, श्रावस्ती के जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण मिश्रा और हरीश रस्तोगी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि काव्य कैफे ने उनकी शाम यादगार बना दी। कार्यक्रम के बाद कवियों के साथ तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए भी लोगों में उत्साह दिखा। युवा और बुजुर्ग श्रोता आयोजन की यादें सहेजते नजर आए।

——————–

सहयोगियों का हुआ विशेष सम्मान

कवि सम्मेलन के आयोजन में गुरु कृपा डिवाइन ग्रेस पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल, संजीवनी ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन, ब्रेन डिस्कवरी ग्लोबल स्कूल, शकुंतला पॉलीक्लीनिक, आरबी मेमोरियल हॉस्पिटल, बद्री प्रसाद मेमोरियल हॉस्पिटल, जनक नंदनी हॉस्पिटल, नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा, वरदान हॉस्पिटल, अमन राज अल्ट्रासाउंड सेंटर और केयर हॉस्पिटल का विशेष सहयोग रहा। सभी सहयोगियों को मंच पर सम्मानित किया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X