रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलरामपुर

Balrampur News:बढ़नी बॉर्डर तक दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर होंगे सुरक्षा के कार्य – Safety Measures Will Be Implemented At Accident-prone Locations Up To The Bardhni Border

November 21, 2026


बलरामपुर। कोहरे के दौरान सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिला मुख्यालय से बढ़नी बॉर्डर तक मार्ग के चिह्नित दुर्घटना बाहुल्य स्थलों और तीव्र मोड़ों को सुरक्षित बनाया जाएगा। इसके लिए सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सुधारात्मक कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से हादसों की आशंका कम होने के साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

कोहरे के दौरान आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में एनएच और स्टेट हाईवे पर दुर्घटनारोधी सुरक्षात्मक कार्य कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। बौद्ध परिपथ पर स्थित शंकरपुर कलां, प्राथमिक विद्यालय शिवानगर चौराहा, गनवरिया तुलसीपुर, चौपुरवा, मटेहना, गैसड़ी, दलपुर-बकौली पुल, रामनगर पुल, नई बाजार चौराहा पचपेड़वा और त्रिलोकपुर एसएसबी कैंप के आसपास चिह्नित दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जाएंगे।

इन स्थलों पर आवश्यकतानुसार कैट आई, स्पीड लिमिट बोर्ड, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र के संकेतक, स्पीड ब्रेकर लगाने, सड़क की मार्किंग, पुल की रेलिंग की मरम्मत और झाड़ियों की सफाई सहित अन्य सुधारात्मक कार्य कराने की तैयारी है। इन सुरक्षात्मक कार्यों के पूरा होने से वाहन चालकों को दूर से ही तीव्र मोड़ों और संवेदनशील स्थानों की जानकारी मिल सकेगी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।

एआरटीओ बृजेश ने बताया कि शंकरपुर कलां के पास जेब्रा क्रॉसिंग, रंबल स्ट्रिप और रोड मार्किंग के सुधारात्मक कार्य कराए जा चुके हैं। अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों के लिए भी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X