रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलरामपुर

Balrampur News:आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मुख्यमंत्री के सामने उठाया पीड़ितों का दर्द – Commissioner Durga Shakti Nagpal Highlighted The Plight Of The Victims Before The Chief Minister

November 28, 2026


बलरामपुर। पति की मौत के बाद दो साल तक जरूरी कागजात के लिए भटकती रही महिला को जब दस्तावेज मिले तो सरकारी योजना का लाभ पाने की मियाद ही बीत चुकी थी। आवेदन किया तो 180 दिन की समय-सीमा का हवाला देकर उसे निरस्त कर दिया गया। पति को खोने के बाद परिवार संभालने की जद्दोजहद कर रही महिला के लिए सरकारी मदद की उम्मीद भी कागजों के फेर में टूट गई।

देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस पीड़ा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रखा। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी प्रक्रिया में देरी का खामियाजा पीड़ित परिवार क्यों भुगते? जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों की परिस्थितियों के अनुरूप बनाने के लिए छह अहम सुझाव दिए।

देवीपाटन मंदिर में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान आयुक्त ने आवास, पेंशन, किसान दुर्घटना सहायता और सड़क निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पाने के लिए जरूरतमंदों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। पात्र व्यक्ति छोटी प्रक्रियागत बाधाओं या विभागीय देरी के कारण अपने हक से वंचित न हो। इसके लिए संबंधित विभागों के शासनादेशों की मुख्य सचिव स्तर पर समीक्षा कर जरूरी बदलाव करने का सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री ने उनके सुझाव सुने और पूरी रिपोर्ट ली। जनहित के कार्यों को बेहतर ढंग से कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने का भरोसा दिया। आयुक्त ने गोंडा की आजुल कुमारी का मामला मुख्यमंत्री के सामने रखा। उनके पति की 12 जून 2023 को मौत हो गई थी। किसान दुर्घटना सहायता योजना का लाभ लेने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पंचनामा जरूरी था।

इन दस्तावेजों को हासिल करने में महिला को करीब दो साल लग गए। मई 2025 में कागजात मिलने के बाद उसने योजना के लिए आवेदन किया, लेकिन 13 मार्च 2026 को 180 दिन की समय-सीमा बीतने के आधार पर आवेदन निरस्त कर दिया गया। आयुक्त ने सुझाव दिया कि यदि जरूरी दस्तावेज मिलने में सरकारी स्तर पर देरी हुई है तो ऐसे मामलों में 180 दिन की समय-सीमा में छूट दी जाए। किसान की दुर्घटना में मौत की सूचना मिलते ही लेखपाल खुद उसके घर पहुंचे।

परिवार को योजना की जानकारी दे, आवेदन भरवाए और दस्तावेज जुटाने में मदद करे। इससे दुख की घड़ी में परिवार को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने इस संबंध में इलाहाबाद हाईकोर्ट के 17 सितंबर के आदेश का भी हवाला दिया।

पुरानी सूची से बाहर न हों आवास के पात्र

आयुक्त ने ग्रामीण आवास योजनाओं में लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया में बदलाव का सुझाव दिया। उनका कहना था कि कई बार सूची तैयार होने के बाद गांवों की परिस्थितियां बदल जाती हैं। किसी परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ जाती है तो किसी का मकान जर्जर हो जाता है, लेकिन पुरानी सूची में नाम न होने से वह आवास के लाभ से वंचित रह जाता है। इसके लिए हर साल गांवों में सर्वे कराने और पात्र-अपात्र परिवारों का डिजिटल डाटाबेस तैयार करने का सुझाव दिया गया।

पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिले छुटकारा

वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लिए भी जरूरतमंदों को कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। आवेदन लंबित रहने या पात्र होने के बावजूद सूची में नाम न जुड़ने से उन्हें समय पर लाभ नहीं मिल पाता। आयुक्त ने पेंशन योजनाओं की हर तीन महीने में समीक्षा कराने का सुझाव दिया, ताकि पात्र लोगों की समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके।

सड़क निर्माण में खर्च और गुणवत्ता का बने डिजिटल हिसाब सड़कों के निर्माण और मरम्मत में पारदर्शिता के लिए आयुक्त ने प्रत्येक सड़क का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कराने पर जोर दिया। इसमें सड़क के निर्माण की तारीख, लागत, कार्यदायी संस्था या ठेकेदार का नाम और मरम्मत का पूरा विवरण दर्ज हो। इससे पता चल सकेगा कि कौन सी सड़क कब बनी, कितने समय बाद खराब हुई और उस पर दोबारा कितना खर्च किया गया। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही तय करने में मदद मिलेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X