शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बांदा

Banda News:जुर्म स्वीकारने पर तमंचा रखने के आरोपी को अर्थदंड – Fine Imposed On Accused Of Possessing A Firearm After He Pleads Guilty

November 7, 2026


बांदा। अवैध शस्त्र रखने के मामले में प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सौम्या गिरि की अदालत ने अभियुक्त चुनवाद सिंह को दोषी करार दिया है।

जुर्म स्वीकार करने पर अदालत ने उसे जेल में बिताई गई अवधि, दो हजार रुपये अर्थदंड और न्यायालय उठने तक की न्यायिक अभिरक्षा की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा न करने पर 10 दिन का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।

थाना बिसंडा में चुनवाद सिंह के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। वर्ष 2023 से यह पत्रावली अदालत में विचाराधीन थी। सुनवाई के दौरान अभियुक्त व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित हुआ और स्वेच्छा से जुर्म स्वीकार करने का प्रार्थना पत्र दिया। उसका जुर्म इकबाली बयान भी दर्ज किया गया।

अभियुक्त पक्ष ने अदालत को बताया कि वह वृद्ध और गरीब ग्रामीण है। अदालत ने अभियुक्त की आर्थिक स्थिति, प्रथम बार अपराधी होने और कोई आपराधिक इतिहास न होने के तथ्यों को ध्यान में रखते हुए यह सजा सुनाई। (ब्यूरो)

—–

कार चालक को अर्थदंड, कोर्ट उठने तक की सजा

बांदा। तेज रफ्तार कार की टक्कर से भाई-बहन के घायल होने के पांच साल पुराने मामले में विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट-द्वितीय सत्यवीर सिंह की अदालत ने आरोपी चालक को दोषी करार दिया है।

अभियुक्त संदीप कुमार के जुर्म स्वीकार करने पर अदालत ने उसे चार धाराओं में कुल 3500 रुपये अर्थदंड और न्यायालय उठने तक की सजा सुनाई। अभियुक्त ने पूरी धनराशि जमा कर दी है।

मनोज कुमार निवासी अतरहट ने थाना चिल्ला में तहरीर देकर बताया था कि 29 अगस्त 2021 को शाम करीब पांच बजे उसका छोटा भाई मनेन्द्र कुमार (22) और बहन जयंती देवी (28) मोटरसाइकिल से फतेहपुर से गांव लौट रहे थे। दोहतरा पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाकर निकलते ही बांदा की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी थी।

हादसे में मनेन्द्र के पैर में फ्रैक्चर और जयंती के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। दोनों को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया था। पुलिस ने कार चालक संदीप कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया था।

विचारण के दौरान अभियुक्त ने मुकदमा न लड़ने और स्वेच्छा से जुर्म स्वीकार करने का प्रार्थना पत्र दिया। अदालत ने धारा 279, 338 और 427 में एक-एक हजार रुपये तथा धारा 337 में 500 रुपये अर्थदंड लगाया।

सभी धाराओं में न्यायालय उठने तक की सजा भी सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर संबंधित धाराओं में एक से तीन माह तक के अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। (ब्यूरो)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X