Banda News:प्रेमिका के मिलने न आने पर युवक ने गोली मारकर की थी खुदकुशी – A Young Man Died By Suicide By Shooting Himself After His Girlfriend Failed To Show Up For A Meeting.a Young Man Died By Suicide By Shooting Himself After His Girlfriend Failed To Show Up For A Meeting
बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के कस्बे के जंगल से सटे भुरवा नाला के पास पड़े मिले युवक के शव के मामले में पुलिस प्रेम प्रसंग के चलते गोली मारकर खुदकुशी किए जाने की बात कह रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है युवक का रिश्ते की भांजी से प्रेम प्रसंग चलता था। दोनों का दो माह पूर्व ब्रेकअप हो गया था, घटना वाली रात उसने प्रेमिका को मिलने के लिए बुलाया था, उसके न आने पर उसने यह कदम उठाया है। उधर, दूसरी तरफ परिजन सिर्फ इस बात पर सवाल खड़े कर रहे हैं कि उसके पास तमंचा कहां से आया, वह जंगल क्यों गया था।
हमीरपुर जनपद के भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के धुंधपुर गांव निवासी मोहन लाल वर्मा ने बताया कि उनका छोटा भाई अंशु वर्मा (20) राजस्थान में रहकर फर्नीचर का मिस्त्री था। वह तीन दिन पहले ही त्योहार करने अपने गांव आया था।
उसका रिश्तेदारी में भांजी लगने वाली एक लड़की से करीब एक साल प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो महीने पूर्व ही घरवालों को उनके प्रेम संबंध का उन्हें पता चला। चूंकि अंशु सबसे छोटा था और उससे बड़े भाइयों की शादी नहीं हुई थी, इसलिए शादी से इन्कार करने पर दो माह पहले ही उनका ब्रेकअप हो गया था।
भाई मोहनलाल ने बताया कि अंशु मंगलवार को अपने चचेरे भाई अमित के साथ बाइक से जसपुरा के रामपुर गांव में ब्याही बहन कौशल्या की ससुराल जाने की बात कहकर निकला था।
उसने जसपुरा मुख्य मार्ग पर चचेरे भाई अमित को बाइक देकर उसे वापस कर दिया था, कहा था कि वह यहां से रामपुर गांव किसी साधन से चला जाएगा। रात में जब वह नहीं लौटा और बहन कौशल्या के यहां भी नहीं पहुंचा तो छोटी बहन राधा ने फोन किया तो पुलिस ने फोन उठाया था।
पुलिस से उन्हें घटना की जानकारी हुई। उधर, इस घटना को लेकर पुलिस की जांच में सामने आया है कि अंशु ने अपनी प्रेमिका को मिलने के लिए बुलाया था, उसके न आने पर उसने खुद को गोली मारकर खुदकुशी की है।
तमंचा कहां से आया इस पर सवाल
बांदा। हमीरपुर जनपद के धुंधपुर गांव निवासी मोहन लाल ने घटना को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब वह घर से निकला था तो चचेरा भाई अमित उसके साथ था। अंशु बाइक चलाकर खुद जसपुरा तक आया था।
चचेरे भाई अमित ने बताया कि वह कोई असलहा भी नहीं लिए था। भाई का कहना है कि उसके पास असलहा कहां से आया। यह प्रश्न उन्हें अखर रहा है। उन्होंने पोस्टमार्टम के बाद तहरीर दिए जाने की बात कही है। हालांकि किसी पर हत्या की आशंका नहीं जताई है।
हालांकि घटना के पीछे किसी का षडयंत्र होने की बात कही है। उनका कहना है कि प्रेम प्रसंग से उन्हें कोई एतराज भी नहीं था। न ही लड़की पक्ष से कोई बुराई थी। वह भी रिश्तेदार ही हैं। बताया कि जसपुरा के गड़रिया गांव में उनके भाई सोहन लाल की ससुराल भी है। (संवाद)
सात भाई, तीन बहनों का है बड़ा परिवार
बांदा। हमीरपुर जनपद के धुंधपुर गांव निवासी मोहन लाल ने बताया कि वह सात भाई, तीन बहनें हैं। दो बहनें शादीशुदा हैं। भाइयों में चार भाइयों की शादी हो चुकी है। तीन भाई अविवाहित हैं। पिता विजय बहादुर का एक साल पहले निधन हो चुका है। वह सब भाई बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घर में मां जानकी हैं। (संवाद)
सिर में गमछा बांधकर कनपटी से सटाकर चलाई थी गोली
बांदा। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक अंशु ने सिर पर गमछा लपेटकर गमछे के ऊपर से दाहिनी कनपटी से सटाकर गोली चलाई है। उसके हाथ में और गमछे में बारुद के कण मिले हैं। गोली कनपटी से आरपार हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गन शॉट इंजरी से मौत होना पुष्ट हुआ है। पुलिस को उसके पास से 315 बोर का तमंचा मिला है। एक खोखा व एक कारतूस भी मिला है।
वर्जन
पूरे प्रकरण के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला है, प्रेमिका को बुलाने पर न आने पर युवक ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गन शॉट इंजरी से मौत होना पुष्ट हुआ है। परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक, बांदा।

फोटो 15- मृतक अंशु वर्मा। फाइल फोटो
