Banda News:रैक से सीधे केंद्रों पर भेजी जा रही डीएपी, 1358 मीट्रिक टन पहुंची – Dap Is Being Dispatched Directly From The Rakes To The Centers; 1,358 Metric Tonnes Have Arrived
= टोकन के आधार पर प्राथमिकता से कराया जा रहा है वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। रबी की बोआई के बीच डीएपी की किल्लत दूर करने के लिए विभाग ने खाद आपूर्ति की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब डीएपी की बोरियां रैक पॉइंट से सीधे ट्रकों के जरिये सहकारी समितियों और बिक्री केंद्रों पर भेजी जा रही हैं। नियमानुसार पहले खाद रैक से बफर गोदाम पहुंचाई जाती है, इसके बाद केंद्रों तक भेजने की प्रक्रिया होती है। प्रक्रिया में लगने वाले अतिरिक्त समय को बचाने के लिए विभाग सीधे केंद्रों तक खेप पहुंचा रहा है। जनपद को 1358 मीट्रिक टन डीएपी प्राप्त हुई है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अंशल कुमार ने बताया कि 29 अक्तूबर से जिले के बिक्री केंद्रों पर 1291.390 मीट्रिक टन यूरिया, 1210.100 मीट्रिक टन डीएपी और 156.125 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध थी। इसके सापेक्ष सहकारी समितियों, क्रय-विक्रय केंद्रों, सहकारी संघ, पीसीएफ, डीसीडीएफ, इफको और एग्रीजंक्शन केंद्रों से 179.590 मीट्रिक टन यूरिया और 27.800 मीट्रिक टन डीएपी का वितरण किया गया है।
बुधवार को जिले के अतर्रा, मुरवल, ओरन, सैमरी, कोर्रा, चकरेही, बदौसा, दुबरिया और नरैनी स्थित केंद्रों से डीएपी का वितरण किया गया। खुरहंड, चिल्ला, बबेरू, बदौसा, अतर्रा, तिंदवारी, पनगरा, रामपुर, जौरही, बिलगांव, मटौंध, बांदा केंद्रीय उपभोक्ता भंडार सहित विभिन्न केंद्रों से यूरिया बांटी गई। बृहस्पतिवार को जौरही, गोखरही, पलरा, चिल्ला, गड़रिया, गिरवां, खुरहंड, जसपुरा, डढ़वामानपुर, कालिंजर, निभौर, चंदवारा, नवीन क्योटरा और भदेहदू समितियों में डीएपी व यूरिया का वितरण किया जाएगा। खैराडा मंडी स्थित डीसीडीएफ प्रथम, द्वितीय और पीसीएफ केंद्रों से भी किसानों को खाद मिलेगी। इन केंद्रों पर टोकन के आधार पर प्राथमिकता से वितरण कराया जाएगा।
