शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
भिवानी

Bhiwani News:कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया पर दर्ज मुकदमे को लेकर सामने आए कई संगठन – Several Organizations Have Come Forward Regarding The Case Filed Against Congress Urban District President Pradeep Gulia

November 11, 2026


भिवानी। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कमेटी ने नगर परिषद सफाई कर्मचारी आंदोलन के दौरान कांग्रेस के शहरी प्रधान प्रदीप गुलिया जोगी के खिलाफ दर्ज प्राथिमकी को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई बताया है। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस प्राथमिकी को तुरंत रद्द किया जाए और प्रदीप गुलिया जोगी को राजनीतिक रूप से प्रताड़ित करना बंद किया जाए।

सीपीआई (एम) के जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि नगर पालिका आंदोलन के दौरान प्रदीप गुलिया जोगी आंदोलन को समर्थन दे रहे थे और सहयोग कर रहे थे। इसी दौरान कूड़े-कचरे में पड़ा भाजपा का एक झंडा उन्होंने उठाकर वहां खड़ा किया था। उनका स्पष्ट कहना था कि उनका किसी पार्टी या झंडे से कोई विरोध नहीं है और वे सभी राजनीतिक दलों के झंडों का सम्मान करते हैं।

इसके बावजूद शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना निंदनीय है। कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि प्रदीप गुलिया जोगी कांग्रेस के शहरी प्रधान होने के साथ-साथ इंडिया गठबंधन की राजनीतिक ताकतों के प्रमुख साथी हैं। विरोधी दलों के नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर डराने और उनकी राजनीतिक आवाज दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को आगाह किया कि प्रदीप गुलिया के खिलाफ दर्ज मुकदमे को तुरंत रद्द किया जाए। यदि प्रशासन ने दबाव बनाने, गिरफ्तारी करने की कोशिश की तो सीपीआई(एम) कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के अन्य घटक दलों के साथ मिलकर सड़कों पर उतरेगी।

वहीं कांग्रेस के भिवानी ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कौशिक ने पार्टी के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया पर दर्ज मुकदमे को सरासर अन्यायपूर्ण और राजनीति से प्रेरित करार दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से गैर-वाजिब है और सत्तापक्ष अपनी राजनीतिक दुर्भावना के चलते विपक्षी नेताओं को निशाना बना रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X