Bhiwani News:दिवाली की रात पुलिस नाकों पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा व्यवस्था जांची – On The Night Of Diwali, The Superintendent Of Police Visited Police Checkpoints And Inspected The Security Arrangements
भिवानी। दिवाली की देर रात तक शहर के चौक चौराहों व नाकों पर पुलिस मुस्तैदी से डटी रही वहीं पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने देर रात को शहर की सड़कों पर उतर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस नाकों पर तैनात व ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर दिवाली की शुभकामनाएं दी वहीं सुरक्षा के लिए मुस्तैदी देख उनका उत्साह वर्धन किया।
दिवाली की रात को पुलिस अधीक्षक शहर के हांसी गेट, घंटाघर सहित शहर के बाजारों पर लगाए गए नाकों पर पहुंचे और वहां तैनात पुलिस कर्मचारियों से बातचीत की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर दिवाली की शुभकमनाएं देते हुए कहा कि पुलिस कर्मचारियों की कर्तव्य परायणता की बदौलत ही लोग अपने घर के अंदर सुकून से त्योहारों की खुशियां साझा कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए हर परिस्थिति में अपने कार्य को बखूबी करने का भी संदेश दिया। इस मौके पर उनके साथ डीएसपी भिवानी अनूप सहित संबंधित थाना के पुलिस थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने शहर के व्यापारियों और कारोबारियों से भी सुरक्षा को लेकर बातचीत की और फीड बैक लिया।
