Panipat News:जिले में इस सीजन 85 हेक्टेयर में गेहूं की बुआई का अनुमान – Wheat Sowing Is Estimated To Be Done In 85 Hectares In The District This Season
पानीपत। जिले में धान की कटाई का सीजन अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। इसके साथ ही किसान गेहूं की बिजाई की तैयारी में जुट गए हैं। खेतों से धान की फसल समेटने के बाद किसान पराली प्रबंधन, खेत की जुताई और मिट्टी को बिजाई के अनुकूल बनाने में लगे हैं। इस सीजन में जिले में लगभग 85 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं और करीब 12 हजार हेक्टेयर में गन्ने की बिजाई किए जाने का अनुमान है।
फिलहाल जिले के अधिकतर गांवों में धान की कटाई का काम जारी है। जिन किसानों की फसल कट चुकी है, उन्होंने गेहूं की बिजाई के लिए खेत तैयार करने शुरू कर दिए हैं। कुछ किसान एक ही खेत में गेहूं के साथ गन्ने की बिजाई कर एक साथ दोहरी फसल का लाभ लेने की तैयारी कर रहे हैं। दिवाली के बाद खेतों में बिजाई का काम तेजी पकड़ने लगा है। किसान समय पर बिजाई करने के लिए बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री का इंतजाम भी कर रहे हैं।
उधर, गेहूं की बिजाई के सीजन को देखते हुए बाजार और खाद वितरण केंद्रों पर भी तैयारी की जा रही हैं। जिले में यूरिया और डीएपी खाद की खेप पहुंच चुकी है। कृषि विभाग की ओर से भी किसानों को निर्धारित समय पर बिजाई करने और संतुलित मात्रा में खाद का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। वहीं, कृषि अधिकारियों का कहना है कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
– गेहूं की बिजाई के लिए प्रमाणित बीज का चयन करें।
– मिट्टी की जांच के आधार पर खाद का इस्तेमाल करें।
– डीएपी और यूरिया का संतुलित मात्रा में प्रयोग करें।
– धान के अवशेष जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करें।
– समय पर बिजाई करें।
वर्जन-
जिले में करीब 85 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई किए जाने का अनुमान है। धान की कटाई पूरी होने के साथ ही गेहूं की बिजाई में तेजी आएगी। किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे कृषि विशेषज्ञों की सिफारिश के अनुसार खाद का इस्तेमाल करें और अच्छी गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीजों की बिजाई करें। समय पर बिजाई करने से फसल की बेहतर पैदावार लेने में मदद मिलती है। – डॉ. देवेंद्र कुहाड़, कृषि उप मंडल अधिकारी, पानीपत
