Bijnor News:घर की दहलीज लांघने वाली युवतियों को बेचने वाला गिरोह दबोचा – Gang That Trafficked Young Women Who Stepped Across Their Own Doorsteps Busted
-प्रेमजाल में फंसाकर अपने पास बुलाते थे कथित प्रेमी
-नजीबाबाद की एक युवती को भी नोएडा में बेचने की थी तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। प्रेमी बनकर जाल बिछाते हुए युवतियों को घर से बुलाकर बेच देने वाले गिरोह को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को पकड़ा है। यह गिरोह हाल ही में अपना घर छोड़कर प्रेमी के पास जाने वाली युवती को नोएडा में बेचने की तैयारियों में लगा था।
सोमवार को एएसपी देहात गौतम राय ने बताया कि थाना नजीबाबाद में एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी के कहीं चले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने छानबीन की तो सामने आया कि युवती सोनू निवासी महमूदपुर से फोन पर बात किया करती थी, सोनू ने प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने का भरोसा दिलाया। मीठी-मीठी बातों में आकर युवती ने अपना घर छोड़ दिया और प्रेमी सोनू के कहने पर हरिद्वार जा पहुंची। हरिद्वार पहुंचने पर सोनू को फोन किया तो आरोपी ने खुद को दिल्ली में बताया, फिर अपने साथियों के कमरे पर जाने के लिए कहा।
आरोपी के साथियों, जिसमें महिलाएं भी थीं, उन्होंने युवती को बताया कि सोनू धोखेबाज है, अब वह घर भी नहीं जा सकती। फिर नजीबाबाद की युवती को एक लाख में कविता को बेच दिया था। अब कविता युवती को नोएडा में बेचने की तैयारी में लगी थी। इस बीच पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने मुखराम निवासी सुभाष नगर नजीबाबाद, शिवम निवासी सुभाष नगर नजीबाबाद, सिमरन उर्फ पूनम निवासी सुभाष नगर नजीबाबाद, ज्योति निवासी पुरानी चुंगी ऋषिकेश, कविता निवासी गांव जखवाला सहारनपुर और सोनू निवासी महमूदपुर चांदपुर को गिरफ्तार किया है।
– युवती ही नहीं पत्नी को बेच चुका है एक आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में शामिल शिवम ने रुड़की निवासी एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद आरोपी की पत्नी ने एक बेटे को भी जन्म दिया। आरोपी शिवम ने 80 हजार रुपये लेकर दिल्ली के एक युवक को अपनी पत्नी बेच दी थी। करीब एक महीना तक आरोपी की पत्नी उसके साथ रही, फिर वहां से अपने पति के पास लौट आई थी।
