शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिजनौर

Bijnor News:बिजनौर के 3.14 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 62.97 करोड़ रुपये – 62.97 Crore Rupees Reached The Accounts Of 3.14 Lakh Farmers Of Bijnor

October 30, 2026


बिजनौर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत जनपद बिजनौर के 3,14,836 किसानों के बैंक खातों में 62.97 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से बटन दबाकर देशभर के किसानों के खातों में धनराशि जारी की। विकास भवन स्थित सभागार में कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र नगीना, सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी कराया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, डिजिटल कृषि मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के बारे में भी बताया। इस मौके पर किसान मेला और गोष्ठी हुई जिसमें अफसरों ने किसानों से सरसों, चना, मटर और मसूर जैसी सहफसली फसलों की बोआई करने का आह्वान किया। साथ ही किसानों को मुर्गीपालन, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, बागवानी जैसी गतिविधियों से जुड़कर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अतिथि जिला पंचायत सदस्य संजीव मलिक, सीडीओ रणविजय सिंह, उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा एवं योगेंद्र पाल सिंह योगी आदि किसान मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X