Bijnor News:वन व वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर कार्बेट रिजर्व में अलर्ट जारी – Corbett Reserve Issued Alert For Protection Of Forests And Wildlife
कालागढ़। दीपावली पर वन व वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने अलर्ट जारी कर गश्ती दलों को सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं। दीपावली पर तंत्र-मंत्र के चक्कर में बाघ, उल्लू पक्षी जैसे जीवों की सुरक्षा को तस्करों से खतरा पैदा हो जाता है। ऐसे में वन विभाग वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विशेष अलर्ट जारी कर सुरक्षा के इंतजाम मजबूत कर देता है। कार्बेट टाइगर रिजर्व की दक्षिणी सीमा उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की उत्तरी सीमा से मिलती है। इस सीमा से कॉर्बेट के वनों में बाहरी लोगों के प्रवेश की संभावना अधिक होती है। जिसकी वजह से कालागढ़ रेंज की सीमा को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। वन चौकियों पर वन अधिकारियों ने रात में गश्त बढ़ा दी है। गश्ती दल कालागढ़ की सीमा पर सतर्क कर दिए गए हैं। बाहरी लोगों के प्रवेश पर निगरानी बरती जा रही है। रामगंगा नदी के डूब क्षेत्र में मोटर बोट से निगरानी की जा रही है। कालागढ़ के उप प्रभागीय वन अधिकारी व कार्बेट टाइगर रिजर्व के वार्डन बिंदर पाल का कहना है कि दीपावली पर सुरक्षा को लेकर सभी चेकपोस्ट, नालों व रास्तों पर गश्ती दल तैनात है।
