अहार। मौहरसा गांव के बाराही मेले में खौलते तेल की कढ़ाई में गिरकर झुलसी पांच वर्षीय छवि ने मंगलवार देर रात दम तोड़ दिया। करीब 17 दिन तक दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसका उपचार चला। बुधवार सुबह शव ननिहाल आहार पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
छवि अपने परिजनों के साथ मौहरसा गांव के बाराही मेले में गई थी। मेले में उसके मामा रिंकू ने हलवाई की दुकान लगा रखी थी। खेलते-खेलते मासूम का संतुलन बिगड़ा और वह खौलते तेल की कढ़ाई में गिर गई। परिजनों ने उसे तुरंत बाहर निकाला, लेकिन वह बुरी तरह झुलस चुकी थी। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
दिल्ली में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में छवि का 17 दिनों से उपचार चल रहा था। परिजन लगातार उसकी सलामती की दुआएं कर रहे थे। मासूम का अंतिम संस्कार ननिहाल में ही गमगीन माहौल में किया गया।