रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bulandshahar News:धूल व धुएं से सांस, दमा व टीबी रोगी की बढ़ रही समस्या – Dust And Smoke Are Exacerbating Problems For Patients With Respiratory Conditions, Asthma, And Tb
बुलंदशहर

Bulandshahar News:धूल व धुएं से सांस, दमा व टीबी रोगी की बढ़ रही समस्या – Dust And Smoke Are Exacerbating Problems For Patients With Respiratory Conditions, Asthma, And Tb

November 21, 2026


बुलंदशहर। सर्दी बढ़ने के साथ ही जिले में सांस और दमा के मरीजों की परेशानी बढ़ने लगी है। सड़कों पर उड़ती धूल और जगह-जगह कूड़ा जलने से निकलने वाला धुआं लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को जिला क्षय रोग कार्यालय और नए चिकित्सालय भवन की ओपीडी व इमरजेंसी में करीब 48 मरीज उपचार और परामर्श के लिए पहुंचे।

जिला चिकित्सालय समेत अन्य सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी व इमरजेंसी में प्रतिदिन सांस संबंधी परेशानी से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। जिले के सरकारी अस्पतालों में हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं होने से गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के नए चिकित्सालय भवन या हायर सेंटर रेफर करना पड़ रहा है।

सर्दी और बढ़ते प्रदूषण के कारण अस्थमा के मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज के नए चिकित्सालय भवन और निजी अस्पतालों में युवा से लेकर बुजुर्ग तक उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. चर्चित गुप्ता ने बताया कि सर्दियों में अस्थमा और सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है। ठंड के कारण सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। मरीजों को जरूरी परामर्श देने के साथ खान-पान का ध्यान रखने और ठंड से बचाव की सलाह दी जा रही है।

—

इस मौसम में बढ़ जाता है हृदय रोग का खतरा

आईएमए के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. एसके गोयल ने बताया कि सर्दियों में हृदय रोगियों की परेशानी बढ़ सकती है। ठंड के कारण रक्तचाप बढ़ने से दिल पर दबाव पड़ता है। ऐसे में सांस फूलने जैसी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। परेशानी होने पर पंजीकृत चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार कराना चाहिए।

—

ऐसे करें बचाव

धूल, मिट्टी, धुएं और धुंध से बचें।

घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें।

संतुलित आहार लें और नियमित व्यायाम करें।

बीड़ी, सिगरेट और शराब से परहेज करें।

ठंड से बचाव करें और कमरे का तापमान सामान्य रखें।

—

कोट

सर्दी बढ़ने के साथ सरकारी चिकित्सालयों में सांस संबंधी मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों को ठंड से बचाव, संतुलित आहार लेने और नियमित चिकित्सकीय परामर्श की सलाह दी जा रही है। – डॉ. धीर सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X