Chandauli News:यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 78 केंद्रों की सूची जारी – List Of 78 Centers In The District For Up Board Examination Released
59 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल, 21 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 के लिए चंदौली में 78 परीक्षा केंद्रों की अनुमोदित सूची सोमवार की शाम जारी कर दी गई है। इन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 59 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से मिली जानकारी के अनुसार अनुमोदित केंद्रों की सूची सोमवार शाम परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई। सूची को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्ति या शिकायत होने पर छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक 21 नवंबर तक ऑनलाइन प्रत्यावेदन दे सकते हैं।
इससे पहले 26 अक्तूबर को जारी प्रस्तावित सूची में जिले के लिए 79 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। इन केंद्रों को लेकर 49 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इनमें निर्धारित क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों का आवंटन, परीक्षा केंद्रों की दूरी, रास्ते और संकरी गलियों से जुड़ी समस्याओं के साथ ही केंद्रों की उपयुक्तता पर सवाल उठाए गए थे। इन आपत्तियों पर विचार के बाद जिला स्तरीय समिति की मंजूरी से 78 केंद्रों की अनुमोदित सूची जारी की गई है।
वर्जन
सूची को लेकर आपत्ति होने पर छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक उचित कारण एवं साक्ष्य के साथ संबंधित विद्यालय की आईडी से परिषद के पोर्टल पर ऑनलाइन प्रत्यावेदन भेज सकते हैं। 21 नवंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त होने वाले किसी भी प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
धर्मेंद्र कुमार,डीआईओएस
