मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:102 निजी पैथोलॉजी लैब और डायग्नोस्टिक सेंटरों की होगी जांच – 102 Private Pathology Labs And Diagnostic Centers Will Be Investigated

November 17, 2026


सहारनपुर। पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों में मनमानी वसूली, जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी और अस्पतालों से गठजोड़ की शिकायतों पर शासन ने सख्ती कर दी है। जिले में 102 पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच कराई जाएगी।

इसके लिए एसीएमओ सहित तीन सदस्य टीम का गठन किया गया है। यह टीम स्टाफ की योग्यता और मानकों की जांच करेगी। इसके बाद महानिदेशालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

जिले में 77 पैथोलॉजी लैब और 25 डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित हैं। यह सभी जांच के दायरे में आए हैं। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार की ओर से पत्र मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।

पैथोलॉजी लैब और डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच के लिए एक टीम बनाई गई है। इसमें अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पैथोलॉजिस्ट और पंजीकरण के नोडल अधिकारी शामिल हैं।

टीम केंद्रों के पंजीकरण, जांच मशीनों, उपकरणों, कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता और तकनीकी प्रशिक्षण से जुड़े अभिलेखों की जांच करेगी। इसके साथ ही जांच की गुणवत्ता और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया भी परखेगी। जांच नमूने, रिपोर्ट रजिस्टर, बिलिंग और कलेक्शन एजेंटों को किए गए भुगतान के अभिलेखों की जांच करेगी।

शिकायतें हैं कि कुछ केंद्रों पर अप्रशिक्षित कर्मचारियों से जांच कराई जाती है और मरीजों से मनमानी रकम वसूली जाती है। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्र के खिलाफ लाइसेंस निरस्त करने समेत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X