Chandigarh News:चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का बिगुल, 23 दिसंबर को मतदान; 26 को आएंगे नतीजे – Chandigarh Municipal Corporation Election Bugle Sounded; Voting On December 23, Results On December 26
चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए चुनावी बिगुल बज गया है। राज्य चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम घोषित करते हुए 23 दिसंबर को मतदान और 26 दिसंबर को मतगणना की तारीख तय कर दी। चुनाव की घोषणा के साथ ही शुक्रवार से शहर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है, जो 31 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस चुनाव में 4,60,209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर शहर की नई नगर निगम परिषद चुनेंगे। मतदान के लिए 576 केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह 7:30 बजे से शाम 5 बजे तक बिना किसी ब्रेक के वोट डाले जाएंगे।
राज्य चुनाव आयुक्त डॉ. विजय कुमार देव ने बताया कि चुनाव की अधिसूचना के बाद 26 नवंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 3 दिसंबर तक सुबह 11 से दोपहर 3 बजे के बीच संबंधित वार्ड के रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 4 दिसंबर को होगी, जबकि 7 दिसंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
35 वार्डों का आरक्षण घोषित, तीन एससी महिला वार्ड
चुनाव आयोग ने सभी 35 वार्डों की आरक्षण स्थिति भी साफ कर दी है। इनमें सात वार्ड अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इनमें तीन वार्ड एससी महिलाओं के लिए हैं जबकि नौ वार्ड सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। शेष 19 वार्ड सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं।
एससी वर्ग के लिए वार्ड नंबर 1, 3, 4, 9, 15, 29 और 32 आरक्षित हैं। इनमें वार्ड नंबर 3, 29 और 32 एससी महिला वार्ड होंगे। सामान्य महिला वर्ग के लिए वार्ड नंबर 2, 8, 11, 13, 17, 21, 25, 26 और 30 आरक्षित किए गए हैं। सामान्य श्रेणी के वार्ड नंबर 5, 6, 7, 10, 12, 14, 16, 18, 19, 20, 22, 23, 24, 27, 28, 31, 33, 34 और 35 हैं।
4.60 लाख मतदाता करेंगे पार्षदों के भाग्य का फैसला
इस बार नगर निगम चुनाव में कुल 4,60,209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिलाएं और 22 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 2,059 मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। शहर में 1,569 दिव्यांग मतदाता, 80 वर्ष से अधिक आयु के 9,177 और 85 वर्ष से अधिक आयु के 3,580 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं, 100 वर्ष या इससे अधिक आयु के 23 मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
नगर निगम चुनाव के लिए चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र की मतदाता सूची को आधार बनाया गया है। यह सूची भारत निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी, यूटी चंडीगढ़ की ओर से 22 सितंबर 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित की गई थी। नामांकन की अंतिम तारीख तक मतदाता सूची में होने वाले संशोधन भी इस चुनाव के लिए मान्य होंगे।
576 मतदान केंद्रों पर पानी, शौचालय और रैंप की सुविधा
चुनाव आयोग ने मतदान के लिए शहर में कुल 576 मतदान केंद्र बनाए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (एएमएफ) के तहत पीने का पानी, छाया के लिए शेड, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। रिटर्निंग अधिकारियों और संबंधित विभागों को इन व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए जहां तक संभव हो, मतदान केंद्र भूतल पर बनाए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर मजबूत रैंप की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा प्रत्येक रिटर्निंग अधिकारी कम से कम एक मॉडल मतदान केंद्र और एक पिंक मतदान केंद्र स्थापित करेगा। पिंक मतदान केंद्रों का संचालन विशेष रूप से महिला अधिकारी और कर्मचारी करेंगी।
एम-3ए मॉडल की ईवीएम से मतदान, नोटा का भी विकल्प
नगर निगम चुनाव में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) की एम-3ए मॉडल इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का इस्तेमाल होगा। आयोग के अनुसार कुल 2,200 ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच पूरी हो चुकी है। इनमें 1,100 बैलेट यूनिट और 1,100 कंट्रोल यूनिट शामिल हैं। बीईएल के इंजीनियरों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इनकी जांच की है। मतदान शुरू होने से पहले प्रत्येक केंद्र पर पीठासीन अधिकारी उम्मीदवारों के मतदान एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल करवाएंगे। बैलेट यूनिट में अंतिम उम्मीदवार के नाम के नीचे नोटा का विकल्प भी होगा। जो मतदाता किसी भी उम्मीदवार को वोट नहीं देना चाहता, वह नोटा का इस्तेमाल कर सकेगा। बैलेट पेपर पर उम्मीदवार के नाम के साथ उसकी फोटो भी प्रकाशित होगी। इसके लिए प्रत्येक उम्मीदवार को नामांकन पत्र के साथ दो फोटो जमा करवानी होंगी।
नामांकन के लिए एक प्रस्तावक, निर्दलीय को 10 प्रस्तावक जरूरी
उम्मीदवार संबंधित वार्ड के रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। यह प्रक्रिया 26 नवंबर से 3 दिसंबर तक सभी कार्यदिवसों में चलेगी। प्रशासन की ओर से घोषित सार्वजनिक अवकाश के दिन नामांकन नहीं होंगे। ऑनलाइन नामांकन की सुविधा भी राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट chandigarh.gov.in/state-election-commission पर उपलब्ध होगी। यह सुविधा ऑफलाइन नामांकन की अंतिम तारीख और समय से 24 घंटे पहले तक ही मिलेगी। भारत निर्वाचन आयोग से राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के उम्मीदवार के नामांकन के लिए उसी वार्ड का एक मतदाता प्रस्तावक होना जरूरी है। अन्य राज्यों में मान्यता प्राप्त राज्य स्तरीय दलों और निर्दलीय सहित अन्य उम्मीदवारों के नामांकन के लिए उसी वार्ड के 10 मतदाताओं का प्रस्तावक होना अनिवार्य है।
सामान्य वर्ग के लिए छह हजार, एससी उम्मीदवार को तीन हजार रुपये जमानत
प्रत्येक उम्मीदवार को नामांकन के समय 6,000 रुपये जमानत राशि जमा करवानी होगी। एससी उम्मीदवारों के लिए यह राशि 3,000 रुपये निर्धारित की गई है। उम्मीदवार को नामांकन के साथ दो शपथपत्र (ए और बी) भी जमा करवाने होंगे। इनमें आपराधिक मामलों, संपत्ति एवं देनदारियों और शैक्षणिक योग्यता का ब्योरा देना होगा। शपथपत्र जमा नहीं करवाने या अधूरे शपथपत्र देने पर नामांकन खारिज हो सकता है।
एक वार्ड में चुनाव पर अधिकतम 7.50 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे
चुनाव आयोग ने प्रत्येक उम्मीदवार के लिए चुनावी खर्च की अधिकतम सीमा 7.50 लाख रुपये तय की है। उम्मीदवार को नामांकन की तारीख से लेकर नाम वापसी, नामांकन खारिज होने या चुनाव परिणाम घोषित होने तक अपने खर्च का पूरा हिसाब निर्धारित प्रारूप में रखना होगा। राजनीतिक दलों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों का खर्च पार्टी के खाते में जोड़ा जाएगा। चुनाव परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के भीतर प्रत्येक उम्मीदवार को अपने चुनावी खर्च का पूरा विवरण संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के पास जमा करवाना अनिवार्य होगा।
