Charkhi Dadri News:दिवाली के बाद शहर में 60 टन कचरे का ढेर, बाजारों में बिगड़ी सफाई व्यवस्था – 60 Tonnes Of Garbage Pile Up In The City After Diwali; Sanitation Conditions In Markets Deteriorate
चरखी दादरी। दिवाली पर्व के बाद शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। त्योहार के दौरान बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर करीब 60 टन कचरा जमा हो गया है। इससे दुकानदारों और बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आमतौर पर शहर से प्रतिदिन करीब 30 टन कचरे का उठान होता है लेकिन दिवाली पर सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया। त्योहार के दौरान बाजारों में खरीदारी, मिठाइयों और अन्य सामान की बिक्री के चलते कचरे की मात्रा भी बढ़ गई। इसके अलावा घरों और दुकानों से निकले कचरे ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
एजेंसी के कर्मचारियों के अवकाश पर रहने से नियमित उठान प्रभावित हुआ और बाजारों में जगह-जगह कचरे के ढेर जमा हो गए। हालांकि दिवाली पर्व पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए एजेंसी के कर्मचारी काम पर लगाए गए थे लेकिन त्योहार के बाद अवकाश के कारण कचरा उठाने का काम प्रभावित हुआ। हालांकि स्थिति को देखते हुए नगर परिषद के कर्मचारियों ने मोर्चा संभाला और विभिन्न स्थानों से करीब 40 टन कचरे का उठान भी किया। इसके बावजूद शहर में काफी मात्रा में कचरा जमा रहा, जिसे उठाने के लिए अतिरिक्त प्रयासों की जरूरत है।
मंगलवार सुबह पांच बजे से चलेगा विशेष सफाई अभियान
नगर परिषद की ओर से मंगलवार सुबह पांच बजे से शहर में कचरा उठान शुरू करवाया जाएगा। इसके लिए सफाई कर्मचारियों को निर्धारित समय पर काम पर लगाने की तैयारी है। बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए कचरे का उठान किया जाएगा ताकि त्योहार के बाद बिगड़ी सफाई व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके।
शहरवासियों को उम्मीद है कि मंगलवार सुबह से शुरू होने वाला सफाई अभियान बाजारों को कचरे के ढेर से राहत दिलाएगा। वहीं त्योहारों के दौरान कचरे की बढ़ती मात्रा को देखते हुए नगर परिषद के सामने नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखना भी बड़ी चुनौती है।
वर्सन :
नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने सुबह शहर के बाजारों से कचरे का उठान करवाया गया था। वहीं एजेंसी के कर्मचारियों ने दिवाली पर लगातार कचरे का उठान करवाया गया था। मंगलवार को एजेंसी व नगर परिषद के सभी कर्मचारी बचे हुए कचरे का उठान कार्य शुरू कर देंगे।
