Fatehabad News:हेल्थ इंश्योरेंस हटाने के नाम पर युवक से 1.33 लाख रुपये ठगे – Young Man Swindled Out Of Rs 1.33 Lakh On The Pretext Of Cancelling His Health Insurance
फतेहाबाद। गांव कंवलगढ़ निवासी एक युवक को बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड से हेल्थ इंश्योरेंस हटवाने का झांसा देकर 1 लाख 33 हजार 834 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। ठग ने व्हाट्स एप कॉल कर युवक से एक नंबर डायल करवाया जिससे उसके मोबाइल की कॉल और मैसेज फॉरवर्ड हो गए।
इसके बाद क्रेडिट कार्ड से दो बार में रकम निकाल ली गई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में कर्ण ने बताया कि 4 नवंबर को उसके मोबाइल फोन पर एक व्हाट्स एप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर हेल्थ इंश्योरेंस चालू है।
इसे हटवाने के लिए उसने एक नंबर डायल करने को कहा। कर्ण ने उसके कहे अनुसार नंबर डायल कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके मोबाइल की कॉल और मैसेज दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड करवा लिए। कुछ देर बाद उसके मोबाइल फोन पर क्रेडिट कार्ड से 97,802 और 36,032 रुपये कटने के मैसेज आए। ठगी का पता चलने पर उसने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।
मोबाइल फोन की स्क्रीन बदलवाई, खाते से निकल गए ढाई लाख रुपये
फतेहाबाद। मोबाइल फोन की टूटी स्क्रीन बदलवाने के बाद रॉयल किचन के संचालक के बैंक खाते से ढाई लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर ठगी की रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में माल रोड स्थित चार मरला कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने बताया कि 30 अक्तूबर को उसका मोबाइल फोन हाथ से गिरकर टूट गया था। अगले दिन उन्होंने फतेहाबाद की मोबाइल मार्केट में अपने सामने फोन की स्क्रीन बदलवाई। इसके बाद मोबाइल चेक करने पर बैंक खाते से 2.50 लाख रुपये कटने का संदेश मिला।
मनोज ने बताया कि उन्होंने किसी को बैंक खाते से जुड़ी जानकारी नहीं दी थी। न ही उन्होंने या परिवार के किसी सदस्य ने यह रकम किसी अन्य खाते में भेजी थी। इसके बाद उन्होंने बैंक से संपर्क किया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
