Dehradun News:भ्रष्टाचार के खिलाफ 26 नवंबर को कांग्रेस निकालेगी विशाल रैली – Congress To Organise Massive Rally Against Corruption On November 26
देहरादून। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने की तैयारी कर ली है। प्रदेशभर में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को अब मंडल और बूथ स्तर तक विस्तारित किया गया है। अभियान के समापन पर 26 नवंबर को कांग्रेस देहरादून में विशाल रैली निकालेगी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में निकलने वाली रैली के माध्यम से हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि प्रदेशभर में चल रहा हस्ताक्षर अभियान 22 नवंबर तक जारी रहेगा। अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा करते हुए उन्होंने सभी जिला, महानगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को इसे मंडल एवं बूथ स्तर तक संचालित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत एकत्रित हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज और बैनर 23 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जमा कराने होंगे।
भंडारी ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव करते हुए अब 23 नवंबर के बजाय 26 नवंबर को रैली निकाली जाएगी। इस दिन प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 10 बजे कांग्रेस भवन में एकत्रित होंगे। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी एवं एआईसीसी महासचिव कुमारी शैलजा तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में रैली निकाली जाएगी।
