शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Deoria News:गोवर्धन पूजा कर बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र मांगी – By Performing Govardhan Puja, Sisters Prayed For The Long Life Of Their Brothers
देवरिया

Deoria News:गोवर्धन पूजा कर बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र मांगी – By Performing Govardhan Puja, Sisters Prayed For The Long Life Of Their Brothers

November 11, 2026


देवरिया। जिले में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने गोधन बाबा की पूजा कर भाइयों की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

शहर के रामनाथ देवरिया, भटवलिया, नई कॉलोनी, मालवीय रोड, सिंधी मिल कॉलोनी और गरुड़पार समेत कई मोहल्लों में पर्व को लेकर उत्साह रहा। दोपहर में बहनों ने गोबर से गोधन बाबा की आकृति बनाई। उस पर कांस-कूट और पीठा चढ़ाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की। इसके बाद भाइयों को प्रतीकात्मक रूप से श्राप देकर उनकी दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों के घर पहुंचकर आशीर्वाद लिया और पारंपरिक पकवानों का आनंद उठाया।

मदनपुर संवाद के अनुसार, क्षेत्र में भी गोवर्धन पूजा धूमधाम से मनाई गई। महिलाओं और युवतियों ने गाय के गोबर से गोधन बाबा की आकृति तैयार की। इस पर कांस-कूट और प्राकृतिक संपदाएं अर्पित कर विधि-विधान से पूजन किया। कटीली टहनियां चढ़ाने के बाद भाइयों को प्रतीकात्मक श्राप दिया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।

इस दौरान मंगलगीत भी गूंजते रहे। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पर्वत उठाने की स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है। पूर्वांचल में इस पूजा के बाद मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत भी हो जाती है।

मईल संवाद के अनुसार, क्षेत्र के कुछ गांवों में सोमवार और कुछ में मंगलवार को गोवर्धन पूजा हुई। गोड़वली, नरियांव, बकुची, पिपरा दवन, पिपरा बांध, देवसिया, ईशारू, सोनबरसा, मईल, बगहा और पिपरा पाठक में महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर पूजा-अर्चना की और मिष्ठान्न चढ़ाया।

पड़री बाजार संवाद के अनुसार, क्षेत्र में भी मंगलवार को पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। महिलाओं ने गोवर्धन भगवान की पूजा कर गोवर्धन कूटने की रस्म निभाई। मंगलगीत गाकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। युवतियों ने भाइयों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लिए प्रार्थना की।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X