राजा का रामपुर। सोशल मीडिया पर तमंचे में कारतूस लोड कर फायरिंग का प्रयास करते दो युवकों का एक मिनट आठ सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
वीडियो में दो युवक बारी-बारी से तमंचे में कारतूस डालते और ट्रिगर दबाकर फायर करने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। उपनिरीक्षक सुखनंदन ने बताया कि जांच में वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान महेश और रहीशपाल निवासी गांव नगला धाता के रूप में हुई है। वीडियो में घटनास्थल गांव के ही एक व्यक्ति के घर के बाहर सार्वजनिक स्थान का बताया गया है।
सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि इस तरह खुलेआम असलहे का प्रदर्शन और लापरवाही से उसका इस्तेमाल करने का प्रयास आसपास के लोगों की जान और सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। वायरल वीडियो के आधार पर उपनिरीक्षक सुखनंद की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।