शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी मिलते ही गर्भवती को खींचकर दूसरे कमरे में भेजने का आरोप – Allegation That A Pregnant Woman Was Dragged Into Another Room Upon Learning She Was Hiv-positive

November 1, 2026


बीके अस्पताल में डॉक्टर के व्यवहार पर परिजनों ने उठाए सवाल

प्रसव पीड़ा होने पर पहुंची थी महिला, बाद में निजी अस्पताल में करानी पड़ी डिलीवरी

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल में मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल पहुंची एक गर्भवती महिला ने महिला डॉक्टर पर दुर्व्यवहार करने और धक्का देकर दूसरे कमरे में भेजने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि महिला के एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी मिलते ही डॉक्टर का व्यवहार बदल गया।

इसके बाद महिला को समुचित उपचार नहीं मिला और उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। आखिरकार परिजनों को निजी अस्पताल में डिलीवरी करानी पड़ी। गर्भवती महिला की जेठानी ने बताया कि सुंदर कॉलोनी निवासी गर्भवती महिला के नौ महीने पूरे होने के दो दिन बाद शनिवार सुबह परिजन उसे प्रसव के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां पहले महिला की जांच कराई गई। इसके बाद प्रसव पीड़ा बढ़ने पर परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए।

जेठानी के अनुसार, जांच के दौरान डॉक्टर को महिला के एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी मिली। आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे खींचकर दूसरे कमरे में भेज दिया। परिजनों का कहना है कि गर्भवती महिला को इस तरह खींचने और धक्का देने से उसे या गर्भ में पल रहे शिशु को चोट पहुंच सकती थी। उन्होंने डॉक्टर के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।

इसके बाद महिला को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार, वहां भी लंबी प्रतीक्षा और डिलीवरी में देरी की बात सामने आई। ऐसे में उन्होंने मजबूरन निजी अस्पताल में महिला की डिलीवरी कराई। महिला और उसके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बीमारी चाहे कोई भी हो, मरीज के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार नहीं होना चाहिए।

——

वर्जन

यदि महिला के साथ दुर्व्यवहार किया गया है तो मीटिंग बुलाकर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। – डॉ. विकास गोयल, कार्यवाहक प्रधान चिकित्सा अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X