Farrukhabad News:असम में भाव गिरने से फर्रुखाबादी आलू पर संकट – Crisis For Farrukhabadi Potatoes Due To Price Drop In Assam
कमालगंज। असम में आलू के भाव में गिरावट से फर्रुखाबादी आलू पर संकट और अधिक गहरा गया है। अब बड़े साइज का छट्ठा ख्याती व पुखराज आलू भी किसान मुफ्त में दे रहे हैं।
क्षेत्र में सबसे ज्यादा रकबे में ख्याती व पुखराज आदि सफेद किस्म का आलू किया जाता है। इस आलू का भाव शुरू से ही जबरदस्त मंदी में घिरा रहा। पहले छोटे साइज के गुल्ला आलू की ऐसी बेकदरी शुरू हुई कि किसानों ने दूसरे लोगों को मुफ्त में ही शीतगृह की पर्ची दे दी, जिससे पर्ची लेने वाला व्यक्ति भाड़ा जमा कर शीतगृह से आलू निकाल लेता था। अगेती गड़ाई का सीजन बंद हो जाने से अब कोई फ्री में भी छोटे साइज के गुल्ला की पर्ची लेने को कोई तैयार नहीं है। इससे शीतगृहों में बचे हुए गुल्ला आलू के बर्बाद होने की नौबत आ गई है।
वहीं, अब असम के गुवाहाटी व सिलचर में बड़े साइज के छट्ठा आलू का भाव गिर जाने से ख्याती, पुखराज छट्ठा की भी बेकदरी होने लगी। दिनारपुर के आलू व्यापारी कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि गुवाहाटी में आलू का भाव 1100 से गिरकर 900 रुपये क्विंटल रह गया है। यहां से भाड़ा करीब 500 रुपये क्विंटल है। इस तरह 400 रुपये के दाम मिलते हैं। बेचने वाले से छह प्रतिशत कमीशन कटता है। कमीशन व उतराई आदि मिलाकर 80 रुपये क्विंटल खर्चा आता है। इस तरह 320 रुपये क्विंटल (160 रुपये पैकेट) के दाम बचते हैं। यहां छटाई में आलू खराब भी निकल जाता है। कुल मिलाकर शीतगृह का भाड़ा भर के दाम ही आते हैं। इसलिए किसान शीतगृह में भंडारित छट्ठा आलू की पर्ची भी मुफ्त में देने लगे हैं। बंगाल से असम के लिए आलू की आपूर्ति बढ़ जाने से गुवाहाटी व सिलचर में भाव गिरे हैं। बंगाल से असम का भाड़ा कम है, इसलिए वहां का आलू सस्ता पड़ता है। (संवाद)
