Farrukhabad News:ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन से टकराई खाद लदी साइकिल – Bicycle Loaded With Fertilizer Struck By A Train While Crossing The Tracks
कमालगंज। खाद की बोरियां लादकर रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान किसान की साइकिल गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। किसान खाद व साइकिल छोड़ मौके से भाग गया। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को दो सौ मीटर आगे रोक दिया। इंजन में फंसी साइकिल निकालने पर करीब 20 मिनट बाद ट्रेन रवाना हुई।
कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस सोमवार दोपहर करीब 3:08 बजे कमालगंज स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान सीएचसी के सामने एक किसान साइकिल पर एनपीके की दो बोरियां लादकर ट्रैक पार कर रहा था। बीच ट्रैक पर किसान की साइकिल फंस गई।
ट्रेन को आता देख किसान साइकिल छोड़ कर ट्रैक से हट गया। साइकिल ट्रेन से टकराने के बाद इंजन के नीचे फंस गई और करीब दो सौ मीटर तक घिसटते हुए चली गई। लोको पायलट ने ट्रेन को सहकारी समिति के सामने रोक दिया। उसने उतर कर इंजन में तकनीकी जांच की।
इंजन में फंसी साइकिल को खींच कर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहा। इसके बाद ट्रेन को पीछे की ओर चलाने के बाद साइकिल निकाली जा सकी। गार्ड ने घटना के संबंध में स्टेशन मास्टर को जानकारी दी। लोको पायलट ने ट्रेन के डिब्बे में साइकिल को रख लिया। करीब 20 मिनट खड़े रहने के बाद 3:28 बजे ट्रेन अगले स्टेशन के लिए रवाना हो सकी।
जीआरपी ने घटनास्थल का जायजा लिया।
