रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:390 कन्याओं के हाथ पीले, तीन का कराया निकाह – 390 Young Women Got Married; Three Had Their *nikah* (islamic Marriage Ceremony) Performed

November 21, 2026


फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को क्रिश्चियन कॉलेज मैदान में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 390 बेटियों के हाथ पीले हुए तथा तीन निकाह कराया गया। प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किया गया। घरेलू सामान के साथ बेटियों को वर के साथ विदा किया गया। इस दौरान कई महिलाओं की आंखें भी नम हो गईं।

नगर निकायों और ग्राम पंचायतों से सामूहिक विवाह योजना में 419 कन्याओं का पंजीकरण कराया गया था। सांसद मुकेश राजपूत व अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 390 जोड़ों का विवाह और तीन का निकाह हुआ। योजना के तहत 60 हजार रुपये कन्या के खाते में जाएंगे और 25 हजार के उपहार दिए जाएंगे। 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए।

सांसद ने कहा कि अब कमजोर पिता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। योजना से बेटियों का विवाह शानदार तरीके से किया जा रहा है। भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर ने ने कहा कि सभी नवदंपती आपसी प्रेम, विश्वास एवं सम्मान से जीवन की नई शुरुआत करें। समाज में एक आदर्श स्थापित करें।

सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि आज सभी वैवाहिक जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर अपने जीवन के नए अध्याय में प्रवेश कर रहे हैं। विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन होता है। अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने शुभकामनाएं दीं। एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि सभी बेटियों ससुराल में प्रेम से रहें।

कार्यक्रम में सीडीओ विनोद कुमार गौड़, सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे। अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और संचालन श्याम कुमार तिवारी ने किया।

——————————–

समिधा गीली होने से धुएं ने किया परेशान

हवन कुंड में यज्ञ के लिए जो समिधाएं लाई गईं, वह गीली थीं। अग्नि को साक्षी मानकर आहुति देने और भांवरों के समय कुंडों से धुएं के गुबार उठते रहे। इससे वर-कन्या ही नहीं दोनों पक्षों के लोगों को भी खासी दिक्कतें हुईं।

———————–

नवदंपती ने मतदान और जनगणना की दिलाई शपथ

शादी समारोह में एक नवदंपती को मंच पर बुलाया गया। बेटी माइक के सामने खड़ी हुई। उसने हाथ में शपथ का पर्चा लेकर सभी नवदंपतियों को मतदान और जनगणना में पूरा सहयोग करने की शपथ दिलाई। मंच पर मौजूद अतिथि, अधिकारियों ने भी शपथ ली।

————————–

भीड़ में धक्कामुक्की, मशक्कत के बाद मिला दहेज का सामान

सामूहिक विवाह समारोह में भाग लेने के लिए वर-वधू पक्ष के लोगों की संख्या भले ही निर्धारित हो, मगर यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इससे विवाह समारोह पंडाल से लेकर दहेज का सामान वितरण के स्थान पर भारी भीड़ जमा हो गई। कई बार धक्का-मुक्की हुई। सुरक्षा कर्मियों ने मशक्कत कर व्यवस्था सामान्य कराई।

————————–

पालिका करवा सकी मात्र 23, सेवाव्रत अनुष्ठान में 72 शादियां

फर्रुखाबाद। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सभी निकायों से मात्र 53 कन्याओं के विवाह कराए गए। इनमें से नगर पालिका फर्रुखाबाद के 23 शामिल हैं। हालांकि पालिका प्रशासन ने 25 कन्याओं का पंजीकरण कराया था। दो कन्या और वर पक्ष के लोग शादी में नहीं पहुंचे। वहीं, 18 नवंबर को पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल की ओर से सेवाव्रत अनुष्ठान के तहत हुए शादी समारोह में 73 कन्याओं का विवाह कराया गया था। इससे साफ है कि पालिका प्रशासन ने कन्याओं का पंजीकरण कराने रुचि नहीं दिखाई। संवाद

———————

इरफान ने पगड़ी पहन डाला जयमाल, फिर किया निकाह

फर्रुखाबाद। सामूहिक विवाह समारोह में तीन निकाह कराए गए। कानपुर के इरफान भी शामिल थे। उन्होंने सबसे पहले हवन कुंड के सामने बैठकर पगड़ी पहनी। इसके बाद वर और वधू ने एक दूसरे को जयमाल पहनाया। इस दौरान उनकी पत्नी भी बुरका के साथ चुनरी ओढ़े नजर आईं। इसके बाद इस्लाम धर्म के अनुसार निकाह की रस्म अदा की।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X