फतेहाबाद। जिला शिक्षा मौलिक अधिकारी (डीईईओ) की कुर्सी के लिए वीरवार सुबह शिक्षा विभाग में दो महिला अधिकारी आमने-सामने आ गईं। डीईईओ अनीता बाई का हिसार तबादला होने के बाद डीईओ संगीता बिश्नोई को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था।
वीरवार सुबह संगीता बिश्नोई कार्यालय पहुंचीं और डीईईओ का अतिरिक्त कार्यभार संभाला ही था कि 10 मिनट बाद अनीता बाई पहुंच गईं। उन्होंने रिलीव नहीं होने का हवाला देकर कुर्सी छोड़ने से इन्कार दिया। दोनों के बीच नोकझोंक हुई और आखिरकार अनीता बाई ने ही कुर्सी पर बैठकर कामकाज संभाला।
डीईईओ अनीता बाई ने कहा कि वह अभी रिलीव नहीं हुई हैं। कुछ काम लंबित हैं जिन्हें निपटाया जा रहा है। मौजूदा अधिकारी के रिलीव हुए बिना डबल ज्वाइनिंग नहीं हो सकती। वहीं डीईओ संगीता बिश्नोई ने कहा कि उन्होंने सुबह डीईईओ का कार्यभार संभाल लिया था। अनीता बाई लंबित काम निपटा रही हैं। उनके अनुसार दोनों के बीच कोई बहस नहीं हुई।