फतेहाबाद। ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के साथ उपचाराधीन नशा पीड़ितों की काउंसिलिंग की। इस दौरान सात नशा पीड़ितों को नियमित उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया और उन्हें आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध करवाई गईं।
उपनिरीक्षक सुंदर लाल के नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम ने गांव रत्ताखेड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
टीम ने युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।
इसके बाद टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रतिया पहुंची। यहां उपचाराधीन नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी काउंसिलिंग की गई। उन्हें नियमित रूप से उपचार जारी रखने की सलाह दी गई। इसके अलावा शहर में उपचाराधीन छह अन्य नशा पीड़ितों की दोबारा काउंसिलिंग की गई और उन्हें जरूरी दवाएं उपलब्ध करवाई गईं।