शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Fatehabad News:सड़कों तक फैली कंटीली झाड़ियां बढ़ा रहीं हादसों का खतरा – Thorny Bushes Spreading Onto The Roads Are Increasing The Risk Of Accidents
फतेहाबाद

Fatehabad News:सड़कों तक फैली कंटीली झाड़ियां बढ़ा रहीं हादसों का खतरा – Thorny Bushes Spreading Onto The Roads Are Increasing The Risk Of Accidents

November 10, 2026


फतेहाबाद। शहर के मिनी बाईपास, बीघड़ रोड और नेशनल हाईवे सहित कई मार्गों पर कंटीली झाड़ियां सड़क तक फैल गई हैं। इससे रास्तों की चौड़ाई कम हो रही है और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग ने अब तक इनकी कटाई और सफाई शुरू नहीं करवाई है।

आगामी दिनों में धुंध का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में सड़क किनारे और मोड़ों पर फैली झाड़ियां हादसों का खतरा बढ़ा सकती हैं। मिनी बाईपास और बीघड़ रोड पर कई जगह झाड़ियां मुख्य सड़क तक पहुंच गई हैं। नेशनल हाईवे के आसपास भी यही स्थिति है।

वाहन चालकों को झाड़ियों के बीच से निकलना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ऐसे में धुंध शुरू होने से पहले झाड़ियों की कटाई और सफाई जरूरी है।

——

मोड़ों पर सबसे ज्यादा परेशानी

मिनी बाईपास पर लगभग सभी मोड़ों पर पांच से छह फीट ऊंची झाड़ियां फैली हुई हैं। इनकी वजह से मोड़ पर सामने से आने वाले वाहन दिखाई देने में दिक्कत होती है। ऐसे में आमने-सामने से वाहन आने पर चालकों को सावधानी से निकलना पड़ता है। दिन के समय भी दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है जबकि रात के समय झाड़ियों के कारण जोखिम और बढ़ जाता है।

——

धुंध में बढ़ सकता है हादसों का खतरा

आगामी दिनों में सुबह और रात के समय धुंध छाने के साथ सड़कों पर दृश्यता कम होने लगेगी। ऐसे में मोड़ों पर फैली झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहनों का पता समय रहते लगाना मुश्किल हो सकता है। सड़क किनारे झाड़ियां होने से वाहन चालकों को बचकर निकलने के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं मिल पाएगी। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग को समय रहते प्रभावित मार्गों और विशेषकर मोड़ों पर झाड़ियों की कटाई करवाने की जरूरत है।

——

मामला अभी संज्ञान में आया है। जल्द ही सभी सड़कों पर उगीं झाड़ियों को साफ करवाया जाएगा।

– राहुल चहल, एक्सईन, लोक निर्माण विभाग फतेहाबाद।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X