Fatehpur News:अर्द्धवार्षिक परीक्षा से पहले शिक्षण की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के विकास पर होगा मंथन – Prior To The Half-yearly Examinations, There Will Be A Deliberation On The Quality Of Teaching And Student Development
फतेहपुर। परिषदीय विद्यालयों में 17 से 22 नवंबर तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा से पहले शिक्षण की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के विकास पर होगा मंथन परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इससे पहले 16 नवंबर को शिक्षक संकुल बैठक होगी। इसमें परीक्षा की तैयारी, पाठ्यक्रम की प्रगति और होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड पर चर्चा होगी। बेहतर शिक्षण पद्धतियों और परीक्षा की रणनीतियों को साझा किया जाएगा।
बैठक में शिक्षकों की ओर से कक्षाओं में पढ़ाए गए पाठों की समीक्षा की जाएगी। निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा कराने, महत्वपूर्ण विषयों की पहचान करने और विद्यार्थियों को पर्याप्त अभ्यास कराने पर जोर रहेगा। इसके अलावा प्रत्येक विद्यार्थी के होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड का सत्यापन और परीक्षा के बाद उसे अपडेट करने की रूपरेखा तैयार होगी।
प्रोजेक्ट के लक्ष्यों और डिजिटल आंकड़ों की भी समीक्षा की जाएगी। डीसी प्रशिक्षण अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बैठक में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, बालवाटिका को सक्रिय बनाने तथा बच्चों में एकाग्रता, समस्या समाधान और तार्किक सोच विकसित करने के तरीकों पर मंथन होगा।
प्रोजेक्ट आधारित, सहपाठी और समूह शिक्षण के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के उपाय भी साझा किए जाएंगे। साथ ही अभिभावकों के फीडबैक, मोटिवेशनल पोर्टल पर विवरण दर्ज करने और प्रार्थना सभा से शिक्षक संकल्प तक की गतिविधियों की समीक्षा होगी।
यह है होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड
होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का रिपोर्ट कार्ड है। इसमें पढ़ाई के साथ बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता, भावनात्मक विकास और शारीरिक गतिविधियों में भागीदारी का आकलन किया जाता है। इससे उनकी दक्षताओं और सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की जानकारी मिलती है। इसके आधार पर शिक्षक और अभिभावक बच्चे की जरूरत के अनुसार उसे बेहतर मार्गदर्शन दे सकते हैं।
