गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Firozabad News:एक ही चिता पर जले पूर्व प्रधान दंपती के शव, हमेशा के लिए कब्र में सोया शिवांजल – Bodies Of Former Village Head Couple Cremated On The Same Funeral Pyre; Shivanjal Laid To Rest In His Grave Forever
फ़िरोज़ाबाद

Firozabad News:एक ही चिता पर जले पूर्व प्रधान दंपती के शव, हमेशा के लिए कब्र में सोया शिवांजल – Bodies Of Former Village Head Couple Cremated On The Same Funeral Pyre; Shivanjal Laid To Rest In His Grave Forever

November 19, 2026


Bodies of former village head couple cremated on the same funeral pyre; Shivanjal laid to rest in his grave forever.

एक ही चिता पर जीवन का आखिरी सफर तय करते दंपती। स्रोत वीडियो ग्रैब
– फोटो : एक ही चिता पर जीवन का आखिरी सफर तय करते दंपती। स्रोत वीडियो ग्रैब

शिकोहाबाद/मक्खनपुर। शिकोहाबाद मंडी समिति के सामने कानपुर-फिरोजाबाद हाईवे पर मंगलवार शाम हुए दोहरे सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद बुधवार को दोनों पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया। मक्खनपुर के किरथरा मोहम्मदपुर के तीन बार के पूर्व प्रधान रामवीर सिंह यादव (70) और उनकी पत्नी शांति देवी (65) साली के यहां शोक व्यक्त कर बाइक से लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार सुबह बड़े बेटे शिव कुमार ने खेत में एक ही चिता पर माता-पिता को मुखाग्नि दी।

इस हादसे को देखने के चक्कर में बाइक के आगे चल रहे ट्रक से टकराने वाले कक्षा 12 के छात्र व दो बहनों के इकलौते भाई शिवांजल की भी मौत हो गई, जबकि उसका सहपाठी अनुराग गंभीर रूप से घायल है। बुधवार सुबह शिवांजल का शव आवास-विकास कॉलोनी पहुंचा तो मां बेसुध हो गईं और बहनें अंकिता व नव्या भाई के शव से लिपटकर बिलख उठीं कि अब वे किसकी कलाई पर राखी बांधेंगी। इसके बाद परिजनों ने पैतृक गांव सिरहौला ले जाकर शिवांजल के शव को दफना दिया। दोहरे हादसे के संबंध में बुधवार शाम तक तक पीड़ित परिवारों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।

स्कूल में शोकसभा, गांव पहुंचकर स्टाफ ने बंधाया ढांढस

शिवांजल द एशियन स्कूल में कक्षा 12 का छात्र था। होनहार छात्र की असमय मौत की खबर पाकर विद्यालय निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह यादव ने बुधवार को स्कूल में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद विद्यालय का स्टाफ छात्र के पैतृक गांव सिरहौला पहुंचा और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

मंगलवार को हाईवे पर हुई घटनाओं के मामले में अभी तक पुलिस के पास किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

– जयबिंद गुप्ता, सीओ शिकोहाबाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X