Ghaziabad News:सीवर, गंदे पानी और टूटी सड़कों की समस्या से जूझ रहे राधा कृष्णा कुंज के निवासी – Residents Of Radha Krishna Kunj Grappling With Issues Of Sewage, Wastewater, And Damaged Roads
गाजियाबाद। जीटी रोड स्थित राधा कृष्णा कुंज कॉलोनी में सीवर लाइन, दूषित पेयजल और टूटी सड़कों की समस्या से परेशान निवासियों ने शहर विधायक संजीव शर्मा से मुलाकात की। कॉलोनीवासियों ने उन्हें समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द समाधान कराने की मांग की। विधायक ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
कॉलोनी के अध्यक्ष संजय सहगल ने बताया कि करीब तीन दशक पुरानी राधा कृष्णा कुंज में पिछले कई वर्षों से सीवर और पानी की लाइनों की मरम्मत नहीं हुई है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी की सड़कें भी जगह-जगह से टूटी हुई हैं। सबसे गंभीर समस्या पेयजल की है। लोगों के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
निवासियों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार पार्षद से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। लंबे समय से समस्याएं बनी रहने के कारण लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं समस्याओं को लेकर वार्ड 22 के पूर्व पार्षद प्रत्याशी जितेंद्र यादव के साथ कॉलोनीवासी विधायक संजीव शर्मा से मिले।
उन्होंने सीवर और पानी की लाइनों की मरम्मत कराने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और सड़कों का निर्माण कराने की मांग रखी। विधायक ने कॉलोनीवासियों को जल्द समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान कॉलोनी के कृष्ण पाल पटवारी, सुशील शर्मा, आनंद शर्मा, गौरव यादव, नितिन सिंह, अश्वनी शुक्ला, बिजेंद्र गुप्ता एवं आकाश पांडे आदि मौजूद रहे।
