Gonda News:प्लॉट के नाम पर महिला से 5.75 लाख रुपये हड़पे – Woman Swindled Out Of Rs 5.75 Lakh Under The Pretext Of A Plot
गोंडा। शहर के पटेलनगर निवासी गुड़िया ने प्लॉट के नाम पर 5.75 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। उन्होंने श्याम कुमार पांडेय उर्फ रिंकू निवासी सेमरा कॉलोनी बड़गांव और रुस्तम खां निवासी उम्मेदजोत के खिलाफ नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।
गुड़िया के मुताबिक, उन्होंने रुस्तम खां के हिस्से की दो डिसमिल जमीन खरीदने का सौदा किया था। आरोप है कि श्याम कुमार ने शिवा प्रापर्टीज एंड डेवलपर्स के नाम से एक अनुबंध पत्र तैयार कराकर एक अप्रैल 2022 को नोटरी कराया और उनसे 1.60 लाख रुपये ले लिए। शेष रकम किस्तों में देने की बात तय हुई थी। गुड़िया का कहना है कि किस्तें पूरी करने के बाद बैनामे की तैयारी हुई तो जमीन की कीमत बढ़ने की बात कहकर उनसे 2.75 लाख रुपये और ले लिए गए। 12 अगस्त 2026 को यह रकम रुस्तम के खाते में जमा कराई गई लेकिन अगले दिन बैनामा कराने के लिए आरोपी कचहरी नहीं पहुंचे। आरोप है कि बाद में रुपये लौटाने और बैनामा करने से भी इन्कार कर दिया। पीड़िता ने 5.75 लाख रुपये के साथ स्टांप शुल्क की रकम वापस दिलाने और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। (संवाद)
