रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भारत-कनाडा संबंधों को मिलेगी रफ्तार?:सीईपीए पर मंथन तेज, 2030 तक $70 अरब का लक्ष्य; क्या बोलीं विदेश मंत्री? – India-canada Business Ties Will Gain New Momentum Cepa Talks Intensify With A $70 Billion Target Set For 2030
दुनिया

भारत-कनाडा संबंधों को मिलेगी रफ्तार?:सीईपीए पर मंथन तेज, 2030 तक $70 अरब का लक्ष्य; क्या बोलीं विदेश मंत्री? – India-canada Business Ties Will Gain New Momentum Cepa Talks Intensify With A $70 Billion Target Set For 2030

November 29, 2026


भारत और कनाडा के बीच आर्थिक साझेदारी का विस्तार करने की व्यापक संभावनाएं हैं। कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने कहा है कि दोनों देशों के बीच निवेश बढ़ाने, कारोबारी संबंध मजबूत करने और कई क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर मौजूद हैं। उन्होंने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कनाडा यात्रा से पहले कही।

अनीता आनंद ने शुक्रवार को टोरंटो में आयोजित कनाडा-भारत निवेश मंच (कनाडा-इंडिया इन्वेस्टमेंट फोरम) को संबोधित करते हुए कहा कि प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) कारोबारियों को अधिक निश्चितता और बाजार तक भरोसेमंद पहुंच उपलब्ध करा सकता है।

आनंद ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को देखते हुए हमारे पास इस गति को आगे बढ़ाने और दोनों देशों के बीच आर्थिक संभावनाओं को और अधिक खोलने का एक बड़ा अवसर है।’

2030 तक सालाना 70 अरब कनाडाई डॉलर के व्यापार का लक्ष्य

अनीता आनंद ने शुक्रवार को बताया कि पिछले साल भारत और कनाडा के बीच वस्तुओं और सेवाओं का कुल व्यापार 30.4 अरब कनाडाई डॉलर (करीब 21 अरब अमेरिकी डॉलर) रहा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते की मदद से वर्ष 2030 तक यह आंकड़ा दोगुने से भी अधिक बढ़कर सालाना 70 अरब कनाडाई डॉलर तक पहुंच सकता है।

आनंद ने कहा, ‘अधिक निश्चितता और बाजार तक भरोसेमंद पहुंच से कारोबारियों को दीर्घकालिक निवेश करने, अपने परिचालन का विस्तार करने और मजबूत व्यावसायिक साझेदारियां बनाने का भरोसा मिलेगा।’

सीईपीए पर बातचीत कहां तक पहुंचा?

ये बयान एक भारतीय अधिकारी के उस बयान के कुछ दिनों बाद आए हैं, जिसमें कहा गया था कि प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को लेकर नई दिल्ली और ओटावा बातचीत पूरी करने के काफी करीब हैं। दोनों देशों के अधिकारी इस समझौते को इस साल के अंत तक अंतिम रूप देने के लिए रोजाना चर्चा कर रहे हैं।

शुक्रवार को आयोजित निवेश मंच में शामिल कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश पटनायक ने व्यापार, नवाचार और साझा समृद्धि के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया। कनाडा में भारतीय उच्चायोग की ओर से एक्स हैडल पर साझा की गई पोस्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि सीईपीए नए अवसर खोल सकता है, मजबूत और लचीली आपूर्ति शृंखलाएं तैयार कर सकता है, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दे सकता है और दोनों देशों की आर्थिक वृद्धि को गति दे सकता है।

ओंटारियो और भारत के बीच व्यापार में कितनी वृद्धि हुई?

इस निवेश मंच में ओंटारियो के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और व्यापार मंत्री विक्टर फेडेली भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 के बाद से ओंटारियो और भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार में 88 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

उन्होंने बताया कि उनका प्रांत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रक्षा और विनिर्माण के क्षेत्रों में भारत के साथ सहयोग की संभावनाएं तलाश रहा है। टोरंटो में आयोजित इस निवेश मंच की मेजबानी लॉ फर्म कैसल्स ब्रॉक एंड ब्लैकवेल ने टोरंटो ग्लोबल और कनाडा-इंडिया बिजनेस काउंसिल के साथ साझेदारी में की थी। इस दौरान प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, एयरोस्पेस, रक्षा, उन्नत विनिर्माण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X