Gurugram News:दो बच्चियों की डूबकर मौत के मामले में बिल्डर को नोटिस भेजेगी पुलिस – Police To Issue Notice To Builder In Case Involving The Drowning Death Of Two Young Girls
संबंधित बिल्डर से मामले में लापरवाही को लेकर मांगा जाएगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-71 स्थित गोल्फ परिसर में बने मिनी तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत मामले में बादशाहपुर थाने की पुलिस द्वारा संबंधित बिल्डर को नोटिस भेजा जाएगा। नोटिस के माध्यम से बिल्डर से मामले में लापरवाही को लेकर जवाब मांगा जाएगा। हालांकि बादशाहपुर थाने की पुलिस ने अभी तक खुलासा नहीं किया है कि उक्त गोल्फ परिसर किस बिल्डर का है। पुलिस का कहना है कि मामले में विभिन्न बिंदुओं से गहनता से जांच की जा रही है।
बता दें कि 10 नवंबर की दोपहर को चार बच्चियां सेक्टर-71 में बिल्डर कंपनी के गोल्फ परिसर में टीन शेड से निकलकर वहां बने तालाब में नहाने गई थी। इनमें साजन कुमार, नैना, राधा व नंदिनी थी। तालाब में नहाने के दौरान साजन कुमारी व नैना की मौत हो गई थी, जबकि राधा व नंदिनी पहले ही तालाब से बाहर निकल आई थी। घटना के बाद 10 नवंबर की दोपहर से ही परिसर के पिछले हिस्से में भी सिक्योरिटी गार्ड तैनात कर दिया गया। गार्ड को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस रास्ते से किसी भी व्यक्ति या बच्चे को प्रवेश न करने दिया जाए। मिनी तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत मामले में आगामी कार्रवाई को लेकर पुलिस कुछ नहीं बोल रही है।
बादशाहपुर के थाना प्रभारी मनोज का कहना है कि संबंधित बिल्डर को नोटिस जारी करके मामले में जवाब मांगा जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
