शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गुरुग्राम

Gurugram News:मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गैंगस्टर को भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई शुरू – Proceedings Initiated To Declare Gangster A Fugitive In Money Laundering Case

November 13, 2026


मामले में आरोपी हैं गैंगस्टर इंद्रजीत सिंह और उनकी पत्नी रीना कुमारी, 19 दिसंबर तक अदालत में पेश होने का दिया आखिरी मौका

संवाद न्यूज एजेंसी

गुरुग्राम। म्यूजिक डायरेक्टर से हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर्स में शुमार हुए राव इंद्रजीत यादव और उनकी पत्नी रीना कुमारी को भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई अदालत ने शुरू कर दी है। अदालत ने यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से दायर याचिका पर की। नरेंद्र सूरा की अदालत ने दंपति को आखिरी मौका देते हुए 19 दिसंबर को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। इसके बाद उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया जाएगा।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के बाद छह अप्रैल 2026 को अभियोजन शिकायत दाखिल की थी। अदालत ने 30 मई 2026 को दोनों आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। इसके बाद 17 जुलाई को ईडी के अधिकारी वारंट तामील कराने आरोपियों के रेवाड़ी स्थित गांव बेरली खुर्द, मुसेपुर के पते पर पहुंचे, लेकिन दोनों वहां नहीं मिले। ईडी का दावा है कि वह भारत से बाहर हैं।

ईडी के अनुसार, आरोपियों ने धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा-50 के तहत जारी समन का भी पालन नहीं किया और जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया से बचते रहे।

अदालत ने रिकॉर्ड पर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर माना कि आरोपी गिरफ्तारी वारंट की तामील से बचने के लिए फरार हैं या खुद को छिपा रहे हैं। अदालत ने ईडी को 18 नवंबर तक राष्ट्रीय और स्थानीय समाचार पत्रों तथा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उद्घोषणा प्रकाशित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपियों के पते और अदालत परिसर में भी नोटिस चस्पा किया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 18 नवंबर को होगी।

—————————— ————

म्यूजिक डायरेक्टर से गैंगस्टर बने राव इंद्रजीत यादव

राव इंद्रजीत यादव हरियाणा में हुए दो सनसनीखेज मर्डर के अलावा हरियाणवी सिंगर फाजिलपुरिया पर जानलेवा हमला करवाने और यूट्यूबर एल्विस यादव के घर पर फायरिंग करने वाले केसों में वांटेड है। वह विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया के साथ क्राइम सिंडिकेट चला रहा है। केंद्रीय जांच एजेंसियों के जरिए फरवरी में इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया गया था। उस पर दिल्ली पुलिस के पूर्व कॉन्स्टेबल और फाइनैंसर मंजीत अहलावत उर्फ डीघल के मर्डर में नाम आया था। इसे 6 दिसंबर 2024 को हुए रोहतक के किलोई गांव में अंजाम दिया था। इसकी साजिश विदेश में बैठे गैंगस्टर भाऊ और फरीदपुरिया ने रची थी। इसी दौरान ने भी इसके ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। वह गिरफ्तारी के डर से 2025 में विदेश भाग गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X