Hamirpur News:ढोल की थाप पर नाचते-थिरकते रहे मौनिया – The Mauniyas Kept Dancing And Swaying To The Beat Of The Drums
भरुआ सुमेरपुर। बुंदेलखंड की पारंपरिक दिवारी और मौन चराने की परंपरा रविवार को पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। सुबह से ही गांव-गांव से मौनिया ढोल की थाप पर दिवारी गीतों की धुन पर नाचते-थिरकते नदी और सरोवरों तक पहुंचे। यहां मोरपंख के साथ स्नान करने के बाद उन्होंने 36 घंटे का कठिन व्रत शुरू किया।
यह व्रत प्रतिपदा की शाम को गोपूजन के बाद संपन्न होगा। वहीं शाम होते ही कस्बे सहित आसपास के गांव दीयों की रोशनी से जगमगा उठे। लोगों ने घरों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन किया। दिवाली के अवसर पर घरों, प्रतिष्ठानों और मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। इसी के साथ पूरे क्षेत्र में तीन दिवसीय दिवाली पर्व का शुभारंभ परंपरागत उल्लास और धूमधाम के साथ हुआ।
